नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने अजीबोगरीब बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर खुद को वेनेजुएला का “एक्टिंग प्रेसिडेंट” घोषित कर दिया है। ट्रंप ने अपनी आधिकारिक तस्वीर के साथ पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वह अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति होने के साथ-साथ अब वेनेजुएला की सत्ता भी संभाल रहे हैं।
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद आया ट्रंप का दावा
यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका ने वेनेजुएला में बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेकर न्यूयॉर्क लाया गया है। दोनों पर नार्को टेररिज्म के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और अब उनके खिलाफ अमेरिकी अदालत में मुकदमा चलाया जा रहा है। ट्रंप ने अपने बयान में कहा है कि जब तक वेनेजुएला में सुरक्षित और उचित तरीके से सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वहां की सत्ता को नियंत्रित करेगा। उन्होंने दावा किया कि यह कदम वेनेजुएला की जनता के हित में उठाया गया है।
तेल समझौते का भी किया ऐलान
ट्रंप ने यह भी कहा कि वेनेजुएला की अंतरिम सरकार अमेरिका को 30 से 50 मिलियन बैरल “हाई क्वालिटी प्रतिबंधित तेल” देगी। यह तेल बाजार में बेचा जाएगा और उससे होने वाली कमाई अमेरिका और वेनेजुएला दोनों की भलाई के लिए इस्तेमाल की जाएगी। ट्रंप ने अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट को इस योजना को तुरंत लागू करने के आदेश भी दे दिए हैं। इस बीच वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति और तेल मंत्री डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई है, लेकिन ट्रंप के दावे ने उनकी सरकार की वैधता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बयान को लेकर जबरदस्त हलचल मची हुई है। ईरान को लेकर अमेरिका एक बार फिर सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। अमेरिकी सैन्य नेतृत्व मंगलवार 13 जनवरी को राष्ट्रपति ट्रंप को ईरान के खिलाफ संभावित कार्रवाई को लेकर ब्रीफिंग देगा। इसमें कई विकल्पों पर चर्चा होगी, जिनमें सैन्य हमला, साइबर हथियारों का इस्तेमाल, नए आर्थिक प्रतिबंध और सरकार विरोधी प्रदर्शनों को बढ़ावा देना शामिल है।





