नई दिल्ली, रफ्तार। श्रीलंका दौरे से गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच की कमान संभालेंगे। अपनी शर्तों पर काम करने के लिए चर्चित गंभीर के सामने कोच के तौर पर कई चुनौतियों का सामना करना होगा। गंभीर को टीम के सीनियर खिलाड़ियों से तालमेल बनाकर काम करना होगा। गंभीर को कप्तान रोहित शर्मा का सपोर्ट चाहिए होगा। रोहित वनडे और टेस्ट में कप्तानी करेंगे। कोहली भी वनडे और टेस्ट मैच खेलेंगे। टीम में आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, कोहली, रोहित 35 से अधिक उम्र के खिलाड़ी हैं। गंभीर को इन खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के तौर पर युवा खिलाड़ियों को तलाशना होगा। ऐसे में गंभीर के पास युवा खिलाड़ियों को मैच विनर बनाने का जिम्मा है।
चैंपियंस ट्रॉफी में विजेता बनाने की चुनौती
अगले साल चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी। गंभीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने की है। भारत ने दो बार यह ट्रॉफी जीती है। साल 2002 और साल 2013 में भारत चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। अब साल 2025 में पाकिस्तान में खेले जाने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में गंभीर की बतौर कोच अग्नि परीक्षा होगी।
टेस्ट में चैंपियनशिप का खिताब दिलाना होगा
भारत टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब दो बार जीतने में नाकाम रही है। भारत को पहली बार फाइनल में न्यूजीलैंड ने शिकस्त दी थी। दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में हार मिली थी। अब गंभीर के सामने भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब दिलाने की जिम्मेदारी है। साल 2025 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देनी होगी। भारत घरेलू मैदान पर बांग्लादेश से 2 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टेस्ट मैच खेलेगी। फिर नवंबर से जनवरी में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया जाकर टेस्ट सीरीज खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया में जीत की हैट्रिक लगाना टीम के लिए आसान नहीं होगा।
2 एशिया कप में खिताब अपने पास रखने की चुनौती
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भारतीय टीम ने एशिया कप खिताब जीता था। अब गंभीर की कोचिंग में टीम दो बार साल 2025 और साल 2027 में एशिया कप टूर्नामेंट खेलेगी। साल 2025 में टी-20 और साल 2027 का टूर्नामेंट वनडे फॉर्मट में खेला जाएगा। नए कोच पर एशिया कप का खिताब बरकरार रखने की जिम्मेदारी है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का भी चैलेंज
साल 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप होगा। बतौर कोच गंभीर पर अभी से उन खिलाड़ियों को तैयार करने की जिम्मेदारी होगी, जो साल 2026 का टी-20 वर्ल्ड कप खेल सके। भारत ने इस बार यह खिताब जीता है। इस कारण गंभीर पर टी-20 वर्ल्ड कप खिताब को टीम के बचाए रखने की जिम्मेदारी होगी।
2027 का वनडे वर्ल्ड कप
साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप होगा। गंभीर तब तक कोच रहेंगे। भारतीय टीम साल 2023 के फाइनल में पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। ऐसे में गंभीर के लिए बड़ी चुनौती भारत को वनडे वर्ल्ड कप दिलाने की होगी। भारत ने साल 1983 और साल 2011 में वनडे का वर्ल्ड कप जीती है।
गंभीर के कोचिंग कॅरियर का शेड्यूल
इस साल ऑस्ट्रेलिया में 5 टेस्ट मैच।
साल 2025- चैंपियंस ट्रॉफी।
साल 2025- WTC फाइनल।
साल 2025-इंग्लैंड में 5 टेस्ट मैच।
साल 2026-T20 वर्ल्ड कप।
साल 2026-न्यूजीलैंड में 2 टेस्ट मैच।
साल 2027-WTC फाइनल।
साल 2027-वनडे वर्ल्ड कप।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





