Gajendra Shekhawat
Gajendra Shekhawat Social Media

RJ Election: दलित विरोधी, महिला उत्पीड़न और सनातन विरोधी सरकार को राजस्थान से है हटाना- गजेन्द्र शेखावत

Jaisalmer: केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी महंत प्रतापपुरी की नामांकन रैली में पोखरण पहुंच कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी।

जैसलमेर, हि.स.। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी महंत प्रतापपुरी की नामांकन रैली में पोखरण पहुंच कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार दलित विरोधी, सनातन विरोधी है। इस सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। इस कुराज की सरकार को राजस्थान से हटाकर ही दम लेना है। रैली को केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर सहित अनेक भाजपा नेताओं ने सम्बोधित किया।

कांग्रेस सरकार दलित विरोधी है

शेखावत ने कहा कि राजस्थान की पहचान महिलाओं के त्याग, मीरा की भक्ति और कर्माबाई के खीचड़ें से थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे बलात्कार की राजधानी बना दिया। सरकार की उदासीनता के चलते पिछले पांच साल में दो लाख महिलाओं से दुराचार की घटनाएं हुई हैं। हमें इन चुनावों में इस महिला अत्याचार का बदला लेना है। यह बदला तलवार से नहीं वोट से लेना है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार दलित विरोधी है। इसने दलित समुदाय की जड़ें उखाड़ने का काम किया। पिछले दिनों जयपुर में मामूली सी रोडरेज की घटना में एक वर्ग विशेष के युवक के परिजनों को तुरंत 50 लाख रुपये दे दिए गए, जबकि दलित समुदाय के एक परिवार के दो बच्चों की मृत्यु हुई। उस परिवार के लोग सात दिन तक सड़क पर बैठे रहे, लेकिन उन्हें फूटी कौड़ी तक नहीं दी गई। आखिरकार समाज के लोग आगे आए और उस परिवार को एक करोड़ की मदद दी गई।

कांग्रेस सरकार है सनातन विरोधी

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह चुनाव न केवल राजस्थान के लिए, बल्कि देश के लिए भी महत्वपूर्ण है। हमारे भारत पर अनेक ताकतों ने हमले किए। भारत की बौद्धिकता और वैभव से आकर्षित होकर सनातन पर हमला किया, लेकिन हमारे पूर्वजों ने उन्हें वापस कर दिया। कई आक्रांता आए और सनातन को मिटाने का संकल्प किया।

यह सरकार भी सनातन विरोधी है और हम सब जानते हैं कि जो सनातन पर प्रहार करेगा, वह इस राज्य में राज नहीं कर सकता। पोखरण में भगवा का अपमान हुआ। इसका बदला लेना है। यह संकल्प कर रहे हैं। नामांकन की सभा उस संकल्प की शुरुआत है।

मोदी सरकार की तारीफ के बटोरे पुल

केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मोदीजी ने हमें प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से घर बनवाकर दिए। जल जीवन मिशन के माध्यम से दस करोड़ कनेक्शन दिए। करोड़ों लोगों के घरों में बिजली पहुंचाई। महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए रसोई गैस का चूल्हा पहुंचाया। घरों मेें शौचालय बनाए। जिस राम मंदिर के निर्माण का पीढ़ियों से इंतजार हो रहा था। वह सपना भी जल्दी ही साकार होने वाला है। इसलिए यह समय वोट के माध्यम से मोदीजी का अभिनंदन करने और उन्हें धन्यवाद देने का है।

आगामी 25 नवंबर को कमल का फूल खिलाना है

शेखावत ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार केन्द्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में भेदभाव करती है। जल जीवन मिशन में पाइप लाइन डालने के काम में भी राजनीतीकरण हो रहा है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भेदभाव इसका बदला लेना है। अब इस भेदभाव का हिसाब बराबर करना है।

नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन राजस्थान पिछड़ रहा है। अब इस कुराज की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना है। यह काम पोखरण से होना चाहिए। आगामी 25 नवंबर को कमल का फूल खिलाना है। पिछली बार जो कुछ मतों की कमी रह गई थी, वो इस बार नहीं रहना चाहिए।

नामांकन रैली में बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा

नामांकन रैली में बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ा। मुस्लिम समाज के हजारों कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। इसके बाद आयोजित सभा में महंत प्रतापपुरी ने स्वागत उद्बोधन दिया। केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और भाजपा की राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर भी केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ पोकरण आईं। महंत प्रतापपुरी ने अनेक वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी में नामांकन का पर्चा दाखिल किया।

इससे पहले, सुबह केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत दिल्ली से जैसलमेर पहुंचे। यहां जैसलमेर एयरपोर्ट पर शेखावत का स्वागत किया गया। जैसलमेर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से पोखरण पहुंचे। परमाणु शक्ति की प्रतीक पोखरण नगरी में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया। नामांकन रैली के बाद केन्द्रीय मंत्री शेखावत, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पोखरण से जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in