होम डिलिवरी यानि नशाबंदी लागू नहीं होगी रायपुर, 16 मई (हि.स.)। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के मीडिया प्रमुख व वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने रविवार को बयान जारी कर राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में बैठे लगभग ढाई वर्ष होने जा रहा है परन्तु नशाबंदी का वादा दूर-दूर तक कहीं नजर नहीं आ रहा है। चुनाव के समय कांग्रेस के द्वारा जारी घोषणा पत्र में शराबबंदी को शामिल कर सत्ता पर काबिज हुई, उसे दरकिनार कर प्रदेश में शराब परोसी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तो होम डिलिवरी भी प्रारंभ हो चुकी है जो यह दर्शाता है कि पियक्कड़ों को दारू घर बैठे उपलब्ध करने का आदेश सरकार ने जारी कर दिया है। यह सिद्ध करता है कि कांग्रेस सरकार में सत्ताधीशों से लेकर जनमानस भी आदतन शराबी बन चुके हैं। महुआ पीने के आदी रसूखदारों को अब ब्रान्डेड कीमती शराब आसानी से घर बैठे उपलब्ध हो जाएगी। रसूखदारों की शराब पीने की रुचि बढ़ चुकी है तथा कोई भी अपनी आदत पर लात नहीं मारना चाहेगा। इसलिए शराबखोर बेफिक्र रहे अगले चुनाव तक तो नशाबंदी लागू होने से रही। रिजवी ने प्रदेश सरकार से पूछा है कि सन् 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में नशाबंदी का वादा फिर से किया जाऐगा कि नहीं। शराब की बेतहाशा आमदनी ने सरकार की आंखों पर पट्टी जो बांध रखी है। कांग्रेस का वादा केवल प्रदेश की जनता को भ्रमित कर वोट हासिल करने तक ही सीमित सिद्ध हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल




