नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ गृह मंत्री अमित शाह, NIA महानिदेशक, और दिल्ली पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान सिखों पर की गई टिप्पणी के बाद हुई है, जिस पर विवाद बढ़ता जा रहा है।
राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा पर विवाद
राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान उन्होंने कहा था कि भारत में आज लड़ाई इस बात पर है कि क्या कोई सिख व्यक्ति अपनी पगड़ी पहन सकेगा और गुरुद्वारा जा सकेगा। इस बयान के बाद सिख समुदाय और भाजपा के कुछ नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई है। भाजपा राहुल गांधी पर लगातार हमलावर है और उनकी टिप्पणियों को भारत विरोधी बता रही है।
राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज
वकील विनीत जिंदल का कहना है कि राहुल गांधी का यह बयान गलत है। उन्होंने कहा कि भारत में सिखों के खिलाफ ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है जहां किसी सिख को गुरुद्वारा जाने या पगड़ी पहनने से रोका गया हो। उनका मानना है कि राहुल गांधी के इस बयान से सिख समुदाय को भड़काने की कोशिश की गई है। जिंदल ने इस बयान के खिलाफ गृह मंत्री, NIA और दिल्ली पुलिस से शिकायत की है।
BJP नेता की धमकी पर कांग्रेस का जवाब
इसी बीच, कांग्रेस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें कथित रूप से एक BJP नेता राहुल गांधी को धमकी देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में भाजपा नेता कहते हैं कि राहुल गांधी बाज आजा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ था। इस वीडियो पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस पर कार्रवाई की मांग की है।
खेड़ा ने वीडियो पर लिखा कि देखिए एक भाजपा नेता खुलेआम राहुल गांधी को धमकी दे रहा है। क्या यह व्यक्ति प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय की ओर से धमकी दे रहा है? क्या आप इसके खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे?





