नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । दुनिया भर में आतंकवाद फैलाने के लिए कुख्यात पाकिस्तान का असली आंतकी चेहरा एक बार फिर सामने आ गया है। जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अज़हर जब 20 साल बाद बोला तो उसने फिर एक बार अपने भाषण में भारत के खिलाफ जहर उगला है। इस बार उसके निशाने पर भारत के साथ इजराइल भी रहा ।
पाकिस्तान की दहशतगर्दी एक बार फिर बेनकाब
आतंकी मसूद अज़हर ने इन दोनों देशों के खिलाफ नए सिरे से जिहादी अभियान शुरू करने की कसम खाई और अपने अन्य आतंकवादी साथियों को भी ऐसा करने के लिए उकसाया। हालांकि जैश-ए-मोहम्मद ने इस आतंकवादी का जो वीडियो वायरल किया गया है, उसमें यह तो पता नहीं चल रहा कि वह कब की रिकोर्डिंग है, और ना ही आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस बात की जानकारी दी है कि मसूद अज़हर ने कब और कहां यह भाषण दिया, लेकिन आतंकी का वीडियो सामने आने के बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान की दहशतगर्दी एक बार फिर बेनकाब हो गई है।
बाबरी मस्जिद को वापस पाने के लिए कह रहा अजहर
आतंकवादी अज़हर ने अपने भाषण के दौरान कहा है कि अल्लाह और जिहाद के शब्द में विश्वास नहीं करने वाले कायर शासकों ने हमें कश्मीर, फिलिस्तीन और अन्य में हार की ओर धकेल दिया है। भारतीय पीएम मोदी और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर कटाक्ष करते हुए आतंकवादी मसूद ने कहा कि मुझे शर्म आती है कि मोदी जैसा कमजोर व्यक्ति हमें चुनौती देता है या नेतन्याहू जैसा चूहा हमें चुनौती देता है। ये दोनों हमें लगातार चुनौती दे रहे हैं, इन्हें बताना होगा कि हमारी ताकत क्या है, अजहर ने यह भी बोला कि मुझे बताओ, क्या 300 लोग भी नहीं हैं जो मेरी बाबरी मस्जिद को वापस पाने के लिए लड़ सकें?
आतंकपरस्त संदेश फैलाने के लिए नया पैंतरा
आपको बताएं कि जैश-ए-मोहम्मद दुनिया भर में अपना आतंकपरस्त संदेश फैलाने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी चलाता है, जिस पर मसूद का यह वीडियो साझा किया गया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मसूद समेत इस ऑर्गेनाइजेशन से जुड़े अन्य आतंकवादियों के पुराने वीडियो समय-समय पर पोस्ट किए जाते हैं। इस बार वीडियो के नए होने की पुष्टि हो गई है क्योंकि इसमें इजरायल और गाजा के बीच चल रहे युद्ध का भी जिक्र है। इससे पता चलता है कि वीडियो मौजूदा समय का है।
खुला घूम रहा है आतंकी मसूद अजहर
इस मामले में जानकारों का मानना है कि यह भाषण संभवत: पिछले महीने के अंत में पाकिस्तान के बहावलपुर के बाहर हजारों एकड़ के उम्म-उल-कुरा मदरसा और मस्जिद परिसर में दिया गया था। इमारत में एक प्रशासनिक ब्लॉक और कई आवासीय ब्लॉक शामिल हैं। भाषण के दौरान अज़हर ने लोगों से आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए भी कहा, जिसके बाद वहां मौजूद आतंकियों ने उनकी सराहना की।
जैश-ए-मोहम्मद ने सशस्त्र गार्ड भी तैनात किए
समय-समय पर मसूद ‘भारत तेरी मौत आ रही है’ जैसे नारे भी लगाते रहे। 2019 में, पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया कि सरकार ने इमारत पर कब्ज़ा कर लिया है, लेकिन यह दावा भी खारिज कर दिया गया था। बताया जाता है कि जैश-ए-मोहम्मद ने अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए सशस्त्र गार्ड भी तैनात किए हैं। इस वीडियो के सामने आने से यह भी पता चलता है कि पाकिस्तान जो यह कहता है कि उसने आतंकवादियों को जेल में डाल रखा है, वह झूठ बोल रहा है। क्योंकि यदि आतंकी मसूद अज़हर जेल में है तो यह उसका सार्वजनिक कार्यक्रम का भाषण कैसे सामने आ सकता है ।




