नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के द्वारा अमेरिका में दिए गए बयान पर अब भारत में राजनीतिक पारा चढ़ चुका है। बीजेपी के द्वारा लगातार राहुल गांधी पर हमला किया जा रहा है। आरक्षण पर राहुल गांधी के द्वारा की गई टिप्पणी पर अब बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती का भी बयान आया है। जिसमें उन्होंने जनता को कांग्रेस और राहुल गांधी से सजग रहने की सलाह दी है।
कांग्रेस जातीय जनगणना का कर रही नाटक- मायावती
मायावती ने कहा कि केंद्र में लंबे समय से सत्ता से दूर रहते हुए कांग्रेस पार्टी की सरकार ने OBC आरक्षण को लागू नहीं किया और ना ही देश में जातीय जनगणना कराई। लेकिन अब सत्ता में आने के लिए कांग्रेस जातीय जनगणना को मुद्दा बना रही है। लोग कांग्रेस के इस नाटक से सचेत रहें, जो आगे कभी भी जातीय जनगणना नहीं करा पाएगी।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी के सर्वेसर्वा राहुल गांधी के इस नाटक से सतर्क रहने की जरूरत है। जिसमें उन्होंने विदेश में कहा है कि भारत जब बेहतर स्थिति में होगा हम आरक्षण को खत्म कर देंगे। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस वर्षों से आरक्षण को खत्म करने का सपना देख रही है और उसी षडयंत्र में लगी हुई है।
कांग्रेस सत्ता में आते ही खत्म कर देगी आरक्षण- मायावती
बसपा चीफ ने कहा कि इन वर्गों के लोग राहुल गांधी के द्वारा दिए गए इस घातक बयान से सावधान रहें, क्योंकि ये पार्टी अगर सत्ता में आई तो आरक्षण जरूर खत्म कर देगी। ये लोग संविधान व आरक्षण बचाने का नाटक करने वाली है। इस पार्टी से जरूर सजग रहें।
कांग्रेस के कारण ही बाबा साहब ने दिया था इस्तीफा
मायावती ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही आरक्षण विरोधी सोच की रही है। केंद्र में रही इनकी सरकार में जब इनका आरक्षण का कोटा पूरा नहीं किया गया, तब इस पार्टी से इंसाफ नहीं मिलने के कारण ही बाबा साहब ने कानून मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लोग इनसे सावधान रहें।





