नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। NDA Meeting: लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए सभी दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा (BJP) के खिलाफ चुनावी मैदान में एकजुट होकर उतरने के मकसद से विपक्षी पार्टियां महागठबंधन बनाने में लगी हुई हैं तो एनडीए (NDA) का कुनबा भी बढ़ रहा है। इसी बीच मंगलवार यानी की 18 जुलाई का दिन देश की राजनीति के लिए बहुत अहम रहने वाला है। इस दिन दिल्ली में जहां एनडीए की बैठक बुलाई गई है तो वहीं बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक का दूसरा दिन है।
38 पार्टियों के शामिल होने का दावा
एनडीए की मीटिंग को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि मंगलवार को बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की बैठक है। इस बैठक में 38 पार्टियां शामिल होंगी। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 9 सालों में एनडीए का जो डेवलमेंट का एजेंडा है, जो स्कीम्स हैं, जो नीतियां हैं, जो पीएम मोदी के नेतृत्व में चल रही हैं, इसमें एनडीए के सभी दलों ने रूचि दिखाई है। एनडीए के प्रति उत्साह के साथ सभी दल आ रहे हैं।
जेपी नड्डा का विपक्ष की बैठक पर तंज
विपक्ष की बैठक पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि हमारा गठबंधन सत्ता के लिए नहीं सेवा के लिए है। उन्होंने कहा जहां तक यूपीए की बात है तो ये भानुमती का जोड़ा है, कहीं की पत्थर कहीं का रोड़ा है। विपक्ष पर तंज कसते हुए नड्डा ने आगे कहा इनके पास न नेता है, न नीति है। ये घोटालेबाजों का टोला है और इनमें कोई ताकत नहीं है।




