नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी-नेट की परीक्षा के एक दिन बाद ही इस परीक्षा को रद्द करके सबको चौंका दिया है। इस परीक्षा को भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) ने आयोजित किया था। जिसके बाद से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। केंद्र सरकार ने यह फैसला मेहनत से पढ़ने वाले बच्चों को धयान में रखते हुए लिया है।
शिक्षा मंत्रालय ने अब यह परीक्षा रद्द कर दी है
शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी-नेट की परीक्षा को रद्द करने का फैसला इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट द्वारा इस परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना देने पर किया है। जानकारी के लिए बताना चाहेंगे कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) ने अपकी बार ऑफलाइन तरीके से ओएमआर शीट पर परीक्षा कराई थी। पूरे देश में 11.21 लाख छात्रों ने यूजीसी-नेट की परीक्षा दी थी। शिक्षा मंत्रालय ने अब यह परीक्षा रद्द कर दी है। अब जल्द ही दोबारा से परीक्षा का आयोजन किया जायेगा।
यूजीसी-नेट 2024 में धांधली के मामले की सीबीआई जांच कराई जाएगी
शिक्षा मंत्रालय ने इसको लेकर अपना बयान जारी करते हुए कहा है कि छात्रों के हितों को और परीक्षा की पवित्रतता को बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने यूजीसी-नेट जून 2024 की परीक्षा को रद्द करने का यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है। शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि जल्द ही नई परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यूजीसी-नेट 2024 में धांधली के मामले की सीबीआई जांच कराई जाएगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) को केंद्र सरकार वर्ष 2017 में लेकर आयी थी
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) को केंद्र सरकार वर्ष 2017 में लेकर आयी थी। जिसने दिसंबर 2018 में पहली यूजीसी-नेट की परीक्षा कराई थी। यह एजेंसी देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन करती है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) को परीक्षा पेपर तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्र जारी करने और परीक्षा पेपर की जांच की जिम्मेदारी भी होती है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(NTA) यूजीसी-नेट, NEET के अलावा इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा जॉइंट एंट्रेस एग्जामिनेशन (मेन) भी करवाती है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




