नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली-NCR के निवासियों ने गुरुवार सुबह एक बार फिर प्रदूषण और धूलभरी हवा का सामना किया। सड़कों और आसमान में चारों ओर धूल की परत नजर आई, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। सवाल उठता है कि आखिर अचानक ऐसा मौसम क्यों बना?
क्या है वजह ?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने इस धूलभरी हवा की मुख्य वजह राजस्थान में बन रही मौसमीय स्थिति को बताया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान में असामान्य उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कहीं तापमान बहुत तेजी से बढ़ रहा है तो कहीं अचानक गिर रहा है। इस वजह से वहां एक ‘प्रेशर ग्रिड’ यानी दबाव क्षेत्र बन रहा है। इस दबाव असंतुलन के कारण राजस्थान में धूलभरी आंधियां उठ रही हैं, जो हवाओं के माध्यम से पंजाब और हरियाणा होते हुए दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच रही हैं। यही वजह है कि राजधानी क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई और वातावरण धूल से भर गया।
क्या बोले मौसम विभाग वैज्ञानिक ?
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने जानकारी दी कि राजस्थान में बन रही यह मौसमी स्थिति अगले 2 से 3 दिनों तक बनी रह सकती है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ रहा है, जहां अगले 1 से 2 दिनों तक धूलभरी आंधियों का सिलसिला जारी रह सकता है। IMD ने हीटवेव को लेकर चेतावनी भी जारी की है। विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है, जिसका मतलब है कि इन इलाकों में लू जैसी गंभीर परिस्थितियां बन सकती हैं। दिल्ली के मौसम की बात करें तो गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।




