नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बुधवार का दिन एक काले अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। राज्य के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन बारामती हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हृदयविदारक हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। विमान की कमान अनुभवी पायलट कैप्टन सुमित और फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक के हाथों में थी, जबकि पिंकी माली फ्लाइट अटेंडेंट थीं।
विमान की तकनीकी जानकारी और क्रू का प्रोफाइल
यह हादसा VSR वेंचर्स के लेयरजेट 45 (Learjet 45) विमान का था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था और कुल वजन 9752 किलोग्राम था। विमान में शामिल फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक साल 2022 से इस कंपनी से जुड़ी थीं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मुंबई से एविएशन की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद न्यूजीलैंड की अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक पायलट अकादमी में 2018 से 2019 तक ट्रेनिंग ली।
VSR Ventures Pvt Ltd की जानकारी
VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली की एक प्राइवेट एविएशन कंपनी है, जिसकी स्थापना 2011 में हुई थी। कंपनी न केवल एयरक्राफ्ट किराए पर देती है, बल्कि एविएशन कंसल्टेंसी में भी सक्रिय है। इसके मालिक कैप्टेन विजय सिंह और कैप्टेन रोहित सिंह हैं। कंपनी का एक प्लेन पहले भी 14 सितंबर 2023 को मुंबई एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुका था।
बारामती में विमान हादसा कैसे हुआ?
हादसा बुधवार सुबह 8:45 से 9:15 बजे के बीच हुआ, जब अजित पवार मुंबई से बारामती जिला परिषद चुनाव की जनसभाओं में भाग लेने के लिए जा रहे थे। लैंडिंग के दौरान विमान तकनीकी खराबी का शिकार हो गया और रनवे पर उतरने के बजाय पास के खेत में जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान के परखच्चे उड़ गए और उसमें भीषण आग लग गई। इस हादसे में अजित पवार के साथ ही विदीप जाधव समेत विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
DGCA ने मौत की पुष्टि की और जांच के आदेश दिए
DGCA ने पुष्टि की है कि इस हादसे में अजित पवार, उनके निजी सहायक, सुरक्षा गार्ड और दोनों पायलट-कुल 5 लोग-अपनी जान गंवा चुके हैं। विमान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। DGCA ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। अजित पवार सुबह बारामती में चार बड़ी सभाओं को संबोधित करने वाले थे, लेकिन उनकी मौत की खबर से पहले ही राज्यभर में शोक की लहर फैल गई। घटनास्थल पर प्रशासन और राहत-बचाव दल की टीमों ने त्वरित कार्रवाई की।





