नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। राज्य के कई हिस्सों में जहां अब तक भीषण गर्मी और उमस लोगों को बेहाल कर रही थी, वहीं अब मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। बुधवार को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसा ही मौसम अगले 5-6 तक बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 23 मई से लेकर 26 मई तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में आज कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी चल सकती है, जिसकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह अस्थिर मौसम 23 मई तक बना रह सकता है। वहीं, 24 मई को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर तेज बारिश हो सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यूपी के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट ले रहा है और राज्य के 44 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश और तेज़ आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, मध्य और पूर्वी यूपी के रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, प्रयागराज, मीरजापुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, संत रविदास नगर और बस्ती जैसे जिलों में भी बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में अधिकतर इलाकों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं और धूलभरी आंधी और तूफान चलने की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में गर्मी का कहर जारी, बांदा में पारा 46.6 डिग्री
उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण भी भीषण गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले 3-4 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा और भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद ही मामूली गिरावट की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के भीतर बांदा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसके अलावा झांसी, उरई, हमीरपुर और प्रयागराज भी झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में रहे। आगरा, इटावा और कानपुर जैसे इलाकों में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में पछुआ हवाएं लगातार गर्मी बढ़ा रही हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अभी कुछ दिन और गर्मी से राहत की उम्मीद कम है, हालांकि कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश अस्थायी राहत जरूर दे सकती है।




