नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश में मौसम बार-बार करवट ले रहा है। कोहरे और कोल्ड डे से मिली राहत के बाद अब राज्य में एक बार फिर मौसम सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 23 जनवरी से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यह स्थिति करीब दो दिनों तक बनी रहने की संभावना है, जिसके दौरान बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनाई दे सकती है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक 20 जनवरी को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और कोहरे या कोल्ड डे को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। 21 और 22 जनवरी को भी प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में रहेंगे। हालांकि 23 जनवरी से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
घने कोहरे ने थामी रफ्तार, कई जिलों में दृश्यता बेहद कम
मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी काफी घट गई। भारतीय मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आगरा में दृश्यता केवल 100 मीटर तक सीमित रही। गोरखपुर में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा, जहां विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। कानपुर में लगभग 400 मीटर तक दृश्यता रही, जबकि हिंडन क्षेत्र (गाजियाबाद), वाराणसी, प्रयागराज और बरेली में हल्के कोहरे के कारण 600 मीटर तक ही साफ दिखाई दिया। सहारनपुर में विजिबिलिटी 800 मीटर रही। कोहरे के चलते सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और वाहन चालकों को बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
इन जिलों में साफ रहेगा आसमान
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने वाला है। वाराणसी, प्रयागराज, अमेठी, आगरा, चित्रकूट, मेरठ, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर, झांसी, ललितपुर, बस्ती, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, रायबरेली, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली समेत कई जिलों में आसमान खुला रहेगा। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप निकलने के आसार हैं, जिससे ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का या छिछला कोहरा देखने को मिल सकता है।
राजधानी में धूप से मिलेगी राहत, नोएडा में मौसम रहेगा साफ
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिनभर धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि आने वाले 24 घंटों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा की बात करें तो यहां भी आज आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक नोएडा में न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि 23 जनवरी से नोएडा में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा तापमान का पैटर्न
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 21 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर मौसम पर साफ तौर पर दिखाई देगा। इस सिस्टम के प्रभाव से आने वाले 2 से 3 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से हल्की गिरावट आने की संभावना है। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी पहले बढ़ोतरी और फिर कमी का सिलसिला देखने को मिलेगा, जिससे दिन और रात के तापमान में बदलाव महसूस किया जाएगा।





