नई दिल्ली /रफ्तार डेस्क । देश के कई हिस्सों में ठंड थोड़ी कम होने के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जनवरी से बारिश के नए दौर की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश के कारण सुबह के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर फिर से तेज होगा। IMD के अनुसार राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान में 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में ठंड का असर बरकरार
राजधानी दिल्ली में आज गुरुवार की शुरुआत शीतलहर के अलर्ट के साथ हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक ठंडी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे ठिठुरन बनी रहेगी। जबकि शुक्रवार को दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है। तापमान की बात करें तो शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में बढ़ी ठंड, रात में छाएगा घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का प्रभाव साफ तौर पर देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 28 जनवरी को राज्य के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, वहीं पछुआ हवाओं के चलते ठंड और गलन में इजाफा महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज भी इसी सिस्टम का असर बना रहेगा। प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ जिलों में शीतलहर जैसा असर महसूस किया जा सकता है, क्योंकि पारा सामान्य से नीचे बना रहेगा। मध्य और पूर्वी यूपी में दिन के समय हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंड का असर बरकरार रहेगा। रात के वक्त तापमान और नीचे गिरने की संभावना है। हालिया बारिश के बाद बढ़ी नमी और उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बिहार में घने कोहरे का अलर्ट
बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल ठंड और कोहरे से जुड़ा रहेगा। मौसम विभाग, पटना के अनुसार आज राज्य के पांच से अधिक जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। घने कोहरे की चेतावनी जिन जिलों के लिए जारी की गई है, उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण, सिवान और गोपालगंज शामिल हैं। कोहरे के चलते सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है। हालांकि इस सप्ताह राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर थोड़ा बढ़ सकता है।





