योग दिवस के दिन रिकॉर्ड वैक्सीनेशन के ठीक अगले दिन वैक्सीनेशन का ग्राफ नीचे आ गया है। बताते दें कि 21 जून यानी बीते सोमवार को देश में 86.16 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया था, जो कि अब तक का एक बड़ा रिकॉर्ड है। हालांकि मंगलवार को रात 11 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, 54 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगा, जो सोमवार के मुकाबले बड़ी गिरावट है।
हालांकि मंगलवार को लगाए टीकों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा है। चीन के बाद भारत में एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को टीका लगा था। वहीं योग दिवस के दिन टॉप पर मध्यप्रदेश था, क्योंकि राज्य ने एक दिन में 17 लाख लोगों को टीका लगाया था। लेकिन मंगलवार के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में सिर्फ 68370 लोगों को ही कोरोना का टीका लगा।
यह सोमवार के आंकड़ों के मुकाबले बहुत बड़ी गिरावट है। इसके अलावा हरियाणा में भी दैनिक टीकाकरण के आंकड़ों में मंगलवार को 75 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। हरियाणा में मंगलवार रात 10 बजे तक टीके की 1.28 लाख से ज्यादा खुराकें दी गईं। जबकि सोमवार को यहां 5.11 लाख से ज्यादा खुराकें दी गई थीं।
इस गिरावट से यह सवाल पैदा होता है कि क्या देश में वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ेगी, क्योंकि कई जानकार कोरोना की तीसरी लहर की संभावना जारी कर चुके हैं और इस दौरान कोरोना से ठीक होने के लिए केवल वैक्सीनेशन ही एक मात्र हथियार है। केंद्र सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 21-30 जून के बीच आठ करोड़ खुराकें लगाई जाएंगी।





