नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के गौशाला और दुर्गंध वाले बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए उन्हें सनातन विरोधी बताया है। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि गाय हमारी माता है और गोबर भी उतना ही पवित्र है। इस पर ऐसी आपत्तिजनक बातें कहना ठीक नहीं है। वहीं, अब भाजपा से राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि अखिलेश को गौशाला में सुगंध और दुर्गंध की बजाए सनातन की आस्था तलाशनी चाहिए।
अखिलेश ने क्या कहा ?
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कल कन्नौज में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा वालों को दुर्गंध पसंद है, इसलिए गौशाला बनवा रहे हैं। हमें खुशबू पसंद है, इसलिए परफ्यूम पार्क बनवा रहे हैं। सरकार बैल पकड़ रही है या नहीं? यह तो सरकार ही जाने, लेकिन इसके लिए जो पैसा आ रहा है, उसे भी वे खा जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि हम समाजवादी लोग हैं, हमें नेताजी ने जो राह दिखाई है हम उसी पर चल रहे हैं। हम समाजवादी लोग विकास और खुशहाली चाहते हैं। कन्नौज में रहकर हम लोगों ने भाईचारे की सुगंध दी है। अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा के लोग नफरत की दुर्गंध हैं। उन्होंने कहा कि मैं कन्नौज के सुगंध वाले लोगों से कहना चाहता हूं कि इस दुर्गंध को हटाएं, जिससे कि यहां का रुका हुआ विकास आगे बढ़ जाए।
भाजपा ने किया पलटवार
अखिलेश के बयान पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, ‘ये सभी दल सनातन के खिलाफ आवाज उठाते रहते हैं। अखिलेश ने कहा था कि भाजपा को दुर्गंध पसंद है, इसलिए वह गौशाला बना रही है और सपा को खुशबू पसंद है, इसलिए हम इत्र बनाते हैं। इससे साफ पता चलता है कि इन लोगों को सनातन से कोई लगाव नहीं है और ये सभी सनातन विरोधी हैं। अगर भारत में रहने वाला कोई व्यक्ति सनातन का विरोध करता है, तो उसे भारत में राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। उसे ऐसी भूमि ढूंढनी चाहिए, जहां सनातन का अपमान हो सके। यह देश सनातन का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।’
रवि किशन और मुख्तार अब्बास नकवी ने भी किया पलटवार
अखिलेश यादव के बयान पर बीजेपी सांसद रवि किशन और बीजेपी नेता मुख्तार अब्बाज नकवी ने भी पलटवार किया है। रवि किशन ने कहा कि हमारी मां भी चूल्हा गोबर से जलाती थीं और हमने उसी गोबर से बनाए गए खाने को खाया है। हमारे यहां गोबर शुद्ध माना जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव में हारने वाली है, इसलिए अखिलेश यादव ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं।
वहीं, बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी सपा प्रमुख पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद को गौवंशी कहते हैं और फिर गौशाला पर इस तरह के बयान देते हैं। इत्रशाला की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी टीपू की सियासी सनक जमीन से कोसो दूर है, वे हमेशा जमीनी हकीकत से दूर रहते हैं, यही वजह है कि वे चुनावी चौपालों में हार जाते हैं।
इत्र पार्क बनाने के साथ इत्र घोटाला भी हुआ : भाजपा सांसद
अखिलेश के बयान पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, ‘इत्र पार्क बनाने के साथ-साथ इत्र घोटाला भी हुआ है। आप गौशाला में दुर्गंध और खुशबू क्यों ढूंढ रहे हैं। गौशाला में सनातन की आस्था ढूंढिए… ये गौमाता है और मां पर टिप्पणी नहीं की जाती।’
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में गौशालाओं और आवारा पशुओं के मुद्दे पर पहले से ही चर्चाएँ होती रही हैं। बीजेपी सरकार ने राज्य में गौशालाओं का निर्माण कराया है, ताकि सड़कों पर घूमते आवारा पशुओं को इन गौशालाओं में सुरक्षित रखा जा सके। इसी को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह बयान दिया है।





