नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र के ठाणे के बदलापुर में एक स्कूल में दो बच्चियों के यौन शोषण केस में पुलिस के द्वारा FIR दर्ज की गई है। अब इस FIR की डिटेल सामने आई है। जिसमें पीड़ित बच्चियों के परिजनों ने बताया है कि ये घटना 13 अगस्त की सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच हुई है। घटना के बाद 16 अगस्त को डर के चलते पीड़ित बच्चियों ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने 12 घंटे बाद दर्ज किया FIR
पूछताछ के बाद जो बात बच्चियों ने बताई उसके बाद से परिजनों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने 12 घंटे बाद 9 बजे के आसपास में केस दर्ज किया। इस मामले में पहले एक अभिभावक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद दूसरे अभिभावकों ने जब अपनी बच्चियों का मेडिकल टेस्ट कराया तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई।
कई बच्चियों का कौमार्य हो चुका है भंग
मेडिकल टेस्ट में पता चला कि कई बच्चियों का कौमार्य भंग हो चुका है। एक पीड़ित बच्ची ने अपने परिवार को बताया कि स्कूल में एक दादा (मराठी में भाई) ने उसके कपड़े उतारे और उसके प्राइवेट पार्ट में हाथ लगाया। उसने उसके साथ बलात्कार भी किया। इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सरकार ने SIT की गठित
इस मामले में पुलिस और स्कूल प्रशासन की लापरवाही के बाद परिजनों और अन्य लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मंगलवार को उग्र प्रदर्शन किया और ट्रेनों के आवागमन को रोक दिया। इसके बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की महिला इंस्पेक्टर का ट्रांसफर कर दिया। इसके अलावा मामले की जांच के लिए एक SIT गठित कर दी है।
देवेंद्र फड़नवीस ने एक्स पर किया पोस्ट
इस संबंध में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने एक्स पर पोस्ट किया कि बदलापुर पुलिस से जुड़े वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और हेड कांस्टेबल को कर्तव्य में लापरवाही के लिए तत्काल निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जांच के लिए महानिरीक्षक रैंक की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आरती सिंह को नियुक्त किया है।




