नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को रोहतक (हरियाणा) में नवनिर्मित एलिवेटेड ट्रैक को निरीक्षण के बाद रेलगाड़ियों के परिचालन के लिए खोलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति में सुधार होगा। 315 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 4.85 किमी लंबे एलिवेटेड ट्रैक के बनने से चार लेवल क्रॉसिंग समाप्त हो गई हैं। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को एलिवेटेड ट्रैक पर दौड़ती ट्रेन का वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘रोहतक, हरियाणा में 4.85 किमी के एलिवेटेड ट्रैक का सफलतापूर्वक निरीक्षण संपन्न कर इस पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इसके बनने से चार लेवल क्रॉसिंग समाप्त हुई है, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति रोकने में सहायता मिलेगी।’ रेल अधिकारियों ने बताया कि गोहाना-रोहतक रेलवे ट्रैक शहर के अंदर से गुजरता था। इसके कारण बजरंग भवन फाटक, सोनीपत स्टैंड व शीला बाईपास क्रॉसिंग पर जाम लग जाता था। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए मार्च 2018 में एलिवेटेड ट्रैक की नींव रखी गई थी। चिन्यौट कॉलोनी से आईटीआई सेक्टर-छह तक 4.8 किमी. लंबे ट्रैक पर 109 पिलर बनाए गए हैं। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के बनने से अब शहर के अंदर से ट्रेन तो गुजरेगी लेकिन स्थानीय जनता को रेलवे फाटक बंद होने और जाम जैसी समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि रविवार को रेल अधिकारियों ने एलिवेटेड ट्रैक का अंतिम निरीक्षण किया। इस दौरान सीआरएस की नौ कोच वाली स्पेशल ट्रेन 112 किलोमीटर की रफ्तार से रेल ट्रैक पर दोड़ी। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील
रोहतक में एलिवेटेड ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत : रेल मंत्री
Also Read:
Latest Stories
Pin Code Search
⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵





