back to top
22.1 C
New Delhi
Monday, March 16, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

सीएम योगी की अगुवाई में गोरखनाथ मंदिर से निकली पारंपरिक शोभायात्रा

गोरखपुर, 15 अक्टूबर(आईएएनएस)। श्रद्धा व भक्ति की उमंग। उल्लास और उत्साह की तरंग। सत्य, न्याय और धर्म की विजय प्रतिष्ठा के पावन महापर्व विजयादशमी के अवसर उमंग और तरंग की इन लहरों पर सवार गोरक्षपीठ की पारंपरिक शोभायात्रा निकली तो रास्तेभर समरसता के फूल खूब बरसे। इसमें सामाजिक ताने बाने की मजबूती का खूबसूरत संदेश भी था। फूलों से सजे रथ पर महंत के पारंपरिक परिधान में शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का मुस्लिम और सिंधी समाज की तरफ से भव्य स्वागत किया गया। योगी ने उन्हें आशीर्वाद दिया, मंगलमय जीवन की कामना की और नौ दिन तक चले नवरात्रि अनुष्ठान की बेदी का प्रसाद दिया। नाथ संप्रदाय की विश्व प्रसिद्ध गोरक्षपीठ के कई अनुष्ठान अद्भुत और विहंगम हैं। इन्हीं में से एक प्रमुख अनुष्ठान है विजयादशमी की शोभायात्रा। शुक्रवार को इस पावन पर्व पर शाम सवा चार बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरु गोरखनाथ का पूजन कर और उनका आशीर्वाद लेकर योगी आदित्यनाथ खुली जीप में बने रथ पर सवार हुए। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। नाथपंथ के विशेष वाद्ययंत्र नागफनी, तुरही, नगाड़े, डमरू व बैंड बाजे की धुन और हनुमान दल के बालकों के हैरतंगेज करतब के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ी। जैसे ही मुख्यमंत्री योगी की अगुवाई वाली शोभायात्रा गोरखनाथ मंदिर से आगे बढ़ी, मुस्लिम और बुनकर समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। उर्दू अकादमी के नवनियुक्त अध्यक्ष चौधरी कैफुलवरा ने गोरक्षपीठाधीश्वर का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया और उन्हें व उनके समाज के लोगों को गोरखनाथ मंदिर के नवरात्रि अनुष्ठान का प्रसाद दिया। इसमें जौ के पौधे भी थे जिन्हें अनुष्ठान की बेदी पर उगाया जाता है। मुस्लिम समाज ने इस प्रसाद को माथे से लगाकर गोरक्षपीठाधीश्वर के प्रति कृतज्ञता जताई। इस दौरान रास्ते के दोनों तरफ बने मकानों पर बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं अपने स्मार्ट फोन में मुख्यमंत्री योगी की तस्वीर खिंचती रहीं। योगी का स्वागत करने वालों में चौधरी रजीउद्दीन, चौधरी मोइनुद्दीन, अनस, जैद, नसीम, कमरुल हसन, मो खालिद, अहमद, बुनकर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अजीजुल हई, नन्हे, इकराम, वसी अहमद, माजिद अख्तर, हाजी जमशेद सहित सैकड़ों लोग शामिल थे। यहां से गोरक्षपीठाधीश्वर का रथ आगे बढ़ा तो निमार्णाधीन श्री झूलेलाल मंदिर के सामने बड़ी संख्या में मौजूद सिंधी समाज के लोगों ने फूल मालाओं से उनका व शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। मानसरोवर मंदिर तक पूरे रास्ते में शोभायात्रा के स्वागत का सिलसिला चलता रहा। गोरक्षपीठाधीश्वर की स्वागत को लेकर लोगों के उत्साह और उत्सुकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शोभयात्रा को अपने एक किमी के गंतव्य तक पहुंचने में करीब सवा घंटे लग गए। जय श्रीराम के नारे और तमाम वाद्ययंत्रों की धुन के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंची। यहां गोरक्षपीठाधीश्वर ने गोरक्षपीठ से जुड़े मानसरोवर मंदिर पर देवाधिदेव महादेव की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना की। मानसरोवर मंदिर में पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी की शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान में पहुंची। यहां चल रही रामलीला में उन्होंने प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। इसके साथ ही प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण व हनुमानजी का पूजन कर आरती भी उतारी। –आईएएनएस विकेटी/एएनएम

Advertisementspot_img

Also Read:

छुट्टी रद्द होते ही GenZ कर्मचारी का अनोखा रिएक्शन, एयरपोर्ट से बोलीं- अब 10 दिन बाद ही खुलेगा लैपटॉप

नई दिल्‍ली/रफ्तार डेस्‍क । सोचिए, आप फ्लाइट पकड़ने ही वाले हों और तभी ऑफिस से मैसेज आए कि आपकी छुट्टियां रद्द कर दी गई...
spot_img

Latest Stories

प्रहार नाम का मतलब – Prahar Name Meaning

Prahar Name Meaning – प्रहार नाम का मतलब :Attack/वार,...

सैलरी तो बढ़ी लेकिन जेब है खाली…जानिए क्या है लाइफस्टाइल इंफ्लेशन और इससे बचाव के तरीके

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पैसा किसे प्यारा नहीं होता? लोग...

West Bengal Assembly 2026: बिधाननगर सीट पर किसका रहा है पलड़ा भारी, जानिए यहां का सियासी इतिहास

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव मुहाने...

जब देश में है तेल के कुएं का भंडार तो भारत विदेशों से क्यों खरीदता है क्रूड ऑयल?

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। इस बात में कोई दोराहे नहीं...

LPG, CNG और PNG में क्या होता है अंतर? जानिए रसोई से गाड़ियों तक इन गैसों का काम

नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव, खासकर Iran...

Solo घूमने के लिए भारत की ये बेस्ट जगहें, जहां मिलेगा सुकून

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आज के समय में ज्यादातर...