नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तीसरी बार देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पहली बार 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। इस दौरान कहा जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान देश के लगभग 9 करोड़ किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
कितने बजे पीएम मोदी पहुंचेंगे वाराणसी
रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी आज शाम करीब 4 बजे वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। जिसके बाद वो लगभग 5 बजे के करीब पीएम किसान सम्मान सम्मेलन में शामिल होंगे। जिसमें देश भर के 9 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी करेंगे। इसके अलावा 30 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को प्रमाण पत्र देंगे।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे PM मोदी
इस कार्यक्रम के खत्म होने के बाद पीएम मोदी वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होंगे और उसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। जहां भगवान काशी विश्वनाथ का दर्शन करेंगे।
सिर्फ 1.5 लाख वोटों के अंतर से जीत पाये पीएम मोदी
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में पीएम मोदी तीसरी बार वाराणसी से सांसद चुने गए हैं। हालांकि 4 जून के आए नतीजों में पीएम मोदी सिर्फ 1.5 लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर सके। ये किसी भी प्रधानमंत्री की जीत का सबसे कम मार्जिन है। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस से ताल ठोक रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रहे।
गौरतलब है कि, 18वें लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अपने पिछले दो चुनावों के मुकाबले सबसे कम सीटें लाई है। पिछले दो लोकसभा चुनावों में जहां बीजेपी अपने दम पर सरकार बनाने में सफल रही। वहीं इस लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सिर्फ 240 सीटों से संतोष करना पड़ा। वहीं कांग्रेस ने पिछले दो चुनावों के मुकाबले इस साल काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 99 सीटें जीती है। वहीं पीएम मोदी के लोकसभा चुनाव में सबसे कम मार्जिन से जीत दर्ज करने पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि अगर वाराणसी सीट से कांग्रेस के सिंबल पर प्रियंका गांधी उतरती तो पीएम मोदी चुनाव हार जाते।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




