नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। RG Kar मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के खिलाफ TMC नेताओं के आपत्तिजनक बयान रूक नहीं रहे हैं। उदयन गुहा के बाद अब TMC के सांसद अरूप चक्रवर्ती ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों पर विवादित बयान दिया है। रविवार को बांकुरा में रैली कर रहे डॉक्टरों को उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तुमलोगों के खिलाफ पब्लिक का गुस्सा फूट गया तो हम बचाने नहीं जाएंगे।
पश्चिम बंगाल के मंत्री उदयन गुहा भी दे चुके हैं विवादित बयान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मंत्री उदयन गुहा भी आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी की आलोचना करने वालों की उंगली तोड़ने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के खिलाफ साजिश रची गई थी। वैसे ही पश्चिम बंगाल में राजनीतिक दल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
अरूप चक्रवर्ती ने दिया शर्मनाक बयान
रविवार को ममता बनर्जी के समर्थन में TMC सांसद अरूप चक्रवर्ती रैली कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों पर निशाना साधते हुए कहा कि आंदोलन के नाम पर तुम घर जाओ या अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमो। अगर तुम्हारी हड़ताल के चलते कोई मरीज मर गया और जनता का गुस्सा तुमपर फूटा तो हम तुम्हें बचाने नहीं जाएंगे। TMC सांसद के बयान वायरल होते ही लोग उन्हें निशाने पर ले लिए। इसके बावजूद वो अपनी बात पर कायम रहे। उन्होंने कहा कि डॉक्टर हड़ताल के नाम पर बाहर घूम रहे हैं। अगर लोगों को इलाज नहीं मिला तो उनका गुस्सा होना स्वाभाविक है।
ममता पर उंगली उठाने वालों की तोड़ दी जाएगी उंगली- उदयन गुहा
गौरतलब है कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या को लेकर ममता सरकार घिर गई है। लोग सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी के खिलाफ नाराजगी जता रहे हैं। इसको लेकर ममता सरकार के मंत्री उदयन गुहा ने कहा कि जो लोग इस घटना को लेकर ममता बनर्जी पर उंगली उठा रहे हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें गाली दे रहे हैं। उनकी पहचान की जाएगी और उनकी उंगलियां तोड़ दी जाएगी। अगर ऐसा नहीं किया गया तो ये बंगाल को बांग्लादेश बना देंगे।




