रामपुर, 14 फरवरी (आईएएनएस)। यूपी चुनाव का दूसरा चरण बेहद दिलचस्प है। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खां के सामने 10वीं बार जीत दर्ज करने की चुनैती है। उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। तो बेटे अपने और उनके दोनों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। आजम के बेटे अब्दुल्ला के मुताबिक इसबार वो जेल में हैं तो जनता उनका चुनाव लड़ रही है। आजम मौजूदा समय में सीतापुर जेल में बंद हैं और ऐसे में उनके सामने इस चुनाव में जीत दर्ज करना और भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। जाहिर तौर पर आजम लंबे समय से जेल में हैं और उनपर कई तरह के आरोप लगे हुए हैं। आजम की छवि को भी दर्ज मुकदमों के बाद काफी नुकसान हुआ था। जिसके बाद इस चुनाव में जनता उन पर भरोसा कर वोट करेगी यह भी बड़ी चुनौती है। आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम रामपुर की स्वार विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं और आजम खान खुद इस बार रामपुर शहर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा इस बार आजम खान का चुनाव जनता खुद लड़ रही है। पेश हैं अब्दुल्ला से बातचीत के कुछ अंश- सवाल- किन मुद्दों पर आप चुनाव लड़ रहे हैं। रामपुर और स्वार विधानसभा में कौन से मुद्दों को लेकर आप जनता के बीच में जा रहे हैं? जवाब- देखिए पूरे प्रदेश के मुद्दे हैं, चाहे वो किसान हो, नौजवान हो, बेरोजगारी हो, किसान के साथ के नाइंसाफी हुई हो। महंगाई का मुद्दा हो, यही सब मुद्दे हैं जिनसे जनता परेशान है। हम भी इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच में जा रहे हैं। सवाल- 23 महीने आपने जेल में बिताये हैं। आप के पिता अभी भी जेल में हैं, आपको क्यों लगता है कि नाइंसाफी हुई है आपके परिवार के साथ ? जवाब- जाहिर सी बात है, मामला अभी अदालत में है और हम उम्मीद करते हैं कि अदालती कार्यवाही के बाद वो जेल से छूटकर बाहर आएंगे और हमारे परिवार के साथ तब सही मायनों में इंसाफ होगा। सवाल- केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी पर आप लगातार आरोप लगाते रहे हैं लेकिन अब उत्तरप्रदेश में दूसरे चरण के मतदान के मौके पर वो जेल से बाहर आ चुके हैं लेकिन आपके पिता अभी भी जेल में हैं। जवाब- भैंस चुराने, बकरी चुराने, मिट्टी चुराने, पेड़ चुराने, शराब की बोतल चुराने का जैसे आरोप मेरे पिता पर लगाये गए हैं। हमारा सबसे संगीन जुर्म ये है और आजम खान का जुर्म ये है कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय बनाये हैं। हालांकि 4 किसानों को कुचलने के बाद भी उनको 4 महीने में बेल हो जाती है। शायद यही जुर्म मेरा और मेरे परिवार का है और यही बीजेपी का न्यू इंडिया है जिनकी बात की जाती है। सवाल- बीजेपी के तमाम नेता चुनाव प्रचार में बोल रहे हैं कि इस बार जाति पर नहीं विकास के नाम पर वोट पड़ रहा है। जवाब- बीजेपी तो खुद ही विकास की बात नहीं कर रही है। बताइए किस जनसभा बीजेपी के नेता विकास की बाते गिना रहे हैं। बीजेपी विकास का जिक्र ही कहां कर रही है। बीजेपी की कौन सी रैली में विकास की बात हुई है। ये तो ध्रुवीकरण की बात कर रहे हैं। सवाल- क्या आपको लगता है कि रामपुर में रोजगार एक बड़ा मुद्दा है जैसे कि कांग्रेस के प्रत्याशी नवाब मियां बोल रहे हैं। जवाब- रामपुर के भी वही मुद्दे हैं जो पूरे उत्तरप्रदेश के हैं। रामपुर में पुलिस ने जिस तरीके से नौजवानों को के साथ बर्ताव किया है। जेल में बंद किया, शौकिया मारा गया। रामपुर ही नहीं आजाद भारत के इतिहास में आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ। सवाल- ये आपका दूसरा चुनाव है पहले और इस बार में क्या अंतर मानते हैं आप? जवाब- लोगों की और ज्यादा मुहब्बत मिलेगी मुझे। सवाल- इस बार आपके चुनाव प्रचार में आपके पिता आपके साथ नहीं हैं, कितनी कमी खल रही है उनकी! जवाब- देखिए जाहिर सी बात है उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता लेकिन हां लोगों के दिल मे आजम साहब रहते हैं। जनता उनका चुनाव खुद लड़ रही है और नतीजा अगले महीने 10 तारीख को दिखेगा। –आईएएनएस पीटीके/एएनएम




