नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों पर हवाई हमले किए। इसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गये हैं। इस बीच, भारत के अभियान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है। कुछ देश भारत का समर्थन करने के लिए आगे आ रहे हैं।
एक पूर्वी अफ्रीकी देश ने कहा है कि “भारत ने पाकिस्तान पर हमला नहीं किया, बल्कि पाकिस्तान से आतंकवादी भारत में घुस आए और समस्याएं पैदा कीं”। यह बयान भारत में इथियोपिया के राजदूत फेस्सेहा शॉवेल गेब्रे ने दिया। गेबरे ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। गेबरे ने न केवल पहलगाम हमले की निंदा की, बल्कि हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया की भी प्रशंसा की।
पाकिस्तान से आतंकवादी भारत आए हैं, यह भयानक और अस्वीकार्य है : गेब्रे
फ़ेसेहा शॉवेल गेब्रे ने कहा, “भारत ने पाकिस्तान पर हमला नहीं किया। पाकिस्तान से आतंकवादी भारत आए। यह बहुत भयानक और अस्वीकार्य है। उन्होंने लोगों को धर्म के आधार पर वर्गीकृत करके मार डाला। जिस तरह भारत वर्तमान में आतंकवाद से लड़ रहा है, उसी तरह इथियोपिया भी पूर्वी अफ्रीका में आतंकवाद से लड़ रहा है। भारत का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल मई के अंत तक इथियोपिया का दौरा करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकी हमला हुआ। जिसमें वहां आए पर्यटकों पर गोलीबारी की। इस हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है। इस हमले के बाद भारतीय सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी शिविरों पर हवाई हमले किए। इसमें नौ आतंकवादी शिविर नष्ट कर दिए गए हैं। पहलगाम हमले के बाद भी पाकिस्तान सीमा पर उत्पात मचा रहा है। हालांकि, भारतीय सेना ने हर बार उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है।




