नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। वृंदावन में रहने वाले प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर इन दिनों उनके भक्तों में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि संत प्रेमानंद महाराज अस्पताल में भर्ती हैं। वीडियो में उन्हें सूजन से पीड़ित बताया गया है और उनके हाथों पर पट्टी बंधी दिख रही है। वीडियो के वायरल होने के बाद भक्तों में अफवाहें तेज हो गईं और उनकी तबीयत को लेकर तरह-तरह की बातें की जाने लगीं। कई श्रद्धालु लगातार उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। हालांकि अब इस वायरल वीडियो को लेकर सच्चाई सामने आई है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बीच मंगलवार को एक भक्त ने एकांतिक वार्तालाप के दौरान संत प्रेमानंद महाराज से सीधे इस मुद्दे पर सवाल किया। भक्त ने पूछा, “महाराज, पिछले तीन दिनों से सोशल मीडिया पर आपकी तबीयत को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। कहा जा रहा है कि आप अस्पताल में भर्ती हैं।” इस पर प्रेमानंद महाराज ने मुस्कुराते हुए सहज अंदाज में जवाब दिया, “देखिए, तीन दिन से हम भी बड़े जोरों से एकांतिक वार्तालाप कर रहे हैं। एकांतिक भी तो देख लेना चाहिए। हमें लगता है कि ये मोबाइल ही झूठ बुलवाता है।”
आश्रम ने अफवाहों को किया खारिज
प्रेमानंद महाराज के स्पष्टीकरण के बाद उनके अनुयायियों ने राहत की सांस ली है। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों को नजरअंदाज़ करने की अपील करते हुए भक्तों ने स्पष्ट किया है कि महाराज पूर्णतः स्वस्थ हैं और रोजाना अपने प्रवचन और वार्तालाप जारी रखे हुए हैं।
आश्रम प्रशासन की ओर से भी पुष्टि की गई है कि महाराज केली कुंज आश्रम में ही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और वर्तमान स्थिति से कोई संबंध नहीं रखता। पूर्व की भांति एकांत दर्शन और एकांत वार्ता यथावत चल रही है, केवल सुबह 4 बजे की पदयात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। आश्रम ने सभी भक्तों से आग्रह किया है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
वॉट्सऐप पर भी जुड़ें हमारे साथ, जॉइन करें Raftaar News |




