नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सुल्तानपुर में 28 अगस्त को हुए सर्राफ डकैती कांड के एक-एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। इस मामले में पुलिसिया कार्रवाई करते हुए आरोपी मंगेश यादव का एनकाउंटर भी हो चुका है। इस मामले में 20 सितंबर की सुबह यूपी पुलिस को एक और कामयाबी मिली और मुठभेड़ के बाद दूसरे आरोपी अजय यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अजय यादव को पैर में गोली लग गई। जबकि अब एक अन्य आरोपी अनुज प्रताप सिंह की भी एनकाउंटर में गोली लगकर मौत हो गई है। अभी तक इस मामले में 2 आरोपियों का एनकाउंटर हो चुका है जबकि 4 को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
5 सितंबर को मंगेश का एनकाउंटर
28 अगस्त को घटित इस घटना के अगले दिन 29 अगस्त को आरोपी विपिन सिंह ने रायबरेली कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद 3 सितंबर को अन्य तीन आरोपियों को भी सुल्तानपुर के कोतवाली क्षेत्र में पुलिसिया मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। इसमें पुष्पेंद्र सिंह, सचिन सिंह और त्रिभुवन कोरी शामिल है। इन गिरफ्तारी के बाद 5 सितंबर को मंगेश यादव भी एनकाउंटर ने मारा गया था जिसे लेकर खूब सियासत हुई थी। मंगेश यादव एक लाख रुपये का इनामी बदमाश था जिसपर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज थे।
11 सितंबर से 20 सितंबर तक 5 और गिरफ्तारी हुई
मंगेश यादव के एनकाउंटर (Mangesh Yadav Encounter) के बाद बाकी आरोपी भी पुलिस की रडार में थे। 11 सितंबर को यूपी पुलिस को सफलता मिली और 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपियों में विनय शुक्ला, अरविंद यादव, दुर्गेश सिंह और विवेक सिंह शामिल हैं। 20 सितंबर को जब पुलिस निशानदेही पर अजय यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी तो आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और आरोपी अजय घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखलीय है कि मामले में ताजा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में एक और आरोपी अनुज प्रताप सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया। आरोपी की पहचान अमेठी के मोहनगंज इलाके के रहने वाले के तौर पर हुई है।




