नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत ने एक बार फिर अंतरिक्ष के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। देश के लाल ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अब वे 17 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेंगे और फिर अपने गृहनगर लखनऊ लौटेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत होने जा रहा है।
अमेरिका से सीधा भारत वापसी, मिशन Axiom-4 रहा सफल
शुभांशु ने 25 जून को Axiom-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष की उड़ान भरी थी और 18 दिन तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर रहकर कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए। इस मिशन में उनके साथ अमेरिका की अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज, और हंगरी के टिबोर कापू भी थे। वे 15 जुलाई को सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे।
लाल किले से लिया गया नाम, देश भर में दौड़ी खुशी की लहर
देश के लिए यह पल और भी खास बन गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से दिए अपने भाषण में शुभांशु शुक्ला का नाम लिया। पीएम मोदी ने कहा –”भारत जल्द अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन विकसित करेगा, और शुभांशु शुक्ला का यह मिशन इस दिशा में मील का पत्थर है।इस ऐलान के बाद पूरे देश में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई।
सालभर चली कठिन ट्रेनिंग, फिर रचा गया इतिहास
शुभांशु शुक्ला पिछले एक वर्ष से अमेरिका में अंतरिक्ष मिशन की कठिन ट्रेनिंग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने शरीर और मन दोनों को कड़ी परीक्षा में डाला। कई बार जीरो ग्रेविटी में अभ्यास करना पड़ा, अत्याधुनिक तकनीक से जुड़ना पड़ा, और पूरी टीम के साथ तालमेल बनाना पड़ा।
अंतरिक्ष यात्रा को याद करते हुए शुभांशु ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो साझा करते हुए लिखा –”यह अनुभव जीवनभर साथ रहेगा। वहाँ की दोस्ती और सीख मेरे लिए अनमोल हैं। अब अपने भारत लौटकर लोगों से मिलना और उनके सपनों में भागीदार बनना मेरा सपना है।
ISRO के मानव मिशन को मिली नई ऊर्जा
भारत का अपना अंतरिक्ष मिशन यानी गगनयान 2027 में प्रस्तावित है, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को स्वदेशी तकनीक से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। शुभांशु शुक्ला का यह अनुभव इस मिशन की तैयारी को मजबूती देगा और ISRO के वैज्ञानिकों को नया आत्मविश्वास भी।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर युवाओं को करेंगे प्रेरित
22 और 23 अगस्त को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में शुभांशु विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे देशभर के छात्रों, वैज्ञानिकों और युवा उद्यमियों को अपना अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि कैसे उन्होंने इस मुकाम तक का सफर तय किया।
लखनऊ में तैयारियां जोरों पर, घर वापसी पर भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री से मुलाकात और राष्ट्रीय समारोह में भाग लेने के बाद शुभांशु अपने गृहनगर लखनऊ जाएंगे। यहां परिवार, मित्र और आम लोग उनके स्वागत के लिए उत्साहित हैं। लखनऊ में स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम, झांकी, और सम्मान समारोहों की तैयारियां जोरों पर हैं।
शुभांशु का संदेश- परिवर्तन ही सच्चा साथी
मिशन के अंत में शुभांशु ने एक खास संदेश में कहा, “जैसे मेरी कमांडर पैगी व्हिटसन ने कहा था, ‘अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज परिवर्तन है,’ वैसा ही जीवन भी है। हर बदलाव हमें नया सिखाता है। मैं अपने देश के लिए और भी कुछ बड़ा करना चाहता हूं।
शुभांशु शुक्ला का यह साहसिक कदम भारत को अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में नई पहचान दिला रहा है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और देशभक्ति के साथ कोई भी सपना साकार हो सकता है।शुभांशु की कहानी देश के लाखों युवाओं को यह संदेश देती है कि अगर संकल्प मजबूत हो, तो आकाश की ऊँचाई भी छोटी लगती है।





