नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राष्ट्रीय और स्थानीय पार्टियों की तैयारी जोरों पर हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी शैलजा को अपनी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दे डाला है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ये बयान दिया है। दरअसल पत्रकारों ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर से सवाल किया था कि क्या कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला भाजपा में शामिल होंगे? मनोहर लाल खट्टर ने इसका जवाब देते हुए कहा कि यह संभावनाओं की दुनिया है और संभावनाओं से कभी भी इनकार नहीं किया जा सकता है। जल्द ही समय आने पर आप सभी को सब पता चल जाएगा।
कांग्रेस पार्टी में बहन कुमारी शैलजा का अपमान हुआ है
मनोहर लाल खट्टर ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में बहन कुमारी शैलजा का अपमान हुआ है। मनोहर लाल खट्टर ने पत्रकारों से कहा कि हमारी पार्टी ने कांग्रेस के कई नेताओं को अपने साथ मिलाया है। इसी तरह से हम उन्हें भी अपनी पार्टी में शामिल करने को तैयार हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में कुमारी शैलजा को गालियां भी दी गई, जिसके कारण अब वह घर में बैठ गई हैं।
लेकिन कुमारी शैलजा का इतना बड़ा अपमान होने के बावजूद भी कांग्रेस आलाकमान को कोई शर्म तक नहीं आई। जिसको लेकर एक बड़ा वर्ग यह सोचने को मजबूर है कि आखिर किया क्या जाए? बता दें कि कुमारी शैलजा इस अपमान की वजह से कुछ दिनों से चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हो रही हैं और अपने निवास में ही समर्थकों से मिल रही हैं।
हुड्डा और कुमारी शैलजा को एक-दूसरे का प्रतिद्वंद्वी मना जाता है।
बता दें कि सोशल मीडिया में एक वीडियो काफी वायरल हुआ है, जिसमे कांग्रेस का एक कार्यकर्ता कुमारी शैलजा के लिए बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणी का प्रयोग कर रहा है। इसी को लेकर खुद कुमारी शैलजा इससे बहुत नाराज है। हालांकि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध किया है और कहा है कि इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। इसके बाद उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में ऐसा लगता है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गयी है। बता दें कि, कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा को एक दूसरे का प्रतिद्वंद्वी मान जाता है।




