नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। जम्मू कश्मीर के रियासी में आतंकियों ने तीर्थ यात्रियों से भरी एक बस पर हमला कर दिया। इस हमले में 10 तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई और 33 घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी आतंकी सेना की वर्दी में आए थे और उन्होंने बस पर अचानक से फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग में बस के ड्राइवर को गोली लग गई। जिसकी वजह से ड्राइवर का बस पर से नियंत्रण खत्म हो गया और बस खाई में गिर गई।
शिवखोड़ी से कटरा की तरफ जा रही थी बस
पीड़ितों ने बताया कि बस शिवखोड़ी से कटरा की तरफ जा रही थी। पहाड़ी से नीचे उतरने के क्रम में बीच सड़क पर अचानक से एक आतंकी आ गया और फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में ड्राइवर को गोली लग जाने से बस खाई में गिर गई। बस खाई में गिरने के बाद भी आतंकी चारों तरफ से फायरिंग कर रहे थे।
पुलिस ने सभी घायलों को भेजा अस्पताल
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि रात 8.30 बजे तक सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने लिया हालात का जायजा
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हालात का जायजा लेते हुए कहा है कि इस आतंकी हमले को अंजाम देने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा राहुल गांधी, उमर अब्दुल्ला और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी हमले की निंदा की है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




