नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। टीवी शोज के फेमस एक्टर रवि दुबे आज 39 साल के हो गए हैं। कई सुपरहिट डेली सोप में नजर आ चुके इस एक्टर की लव स्टोरी किसी रोमांटिक फिल्म से कम नहीं है। आइये जानते हैं उन्होंने अपनी लाइफ पार्टनर सरगुन को किस तरह किया था प्रपोज।
इनकी लव स्टोरी से जुड़ी बातें
एक्टर रवि दुबे और एक्ट्रेस सरगुन मेहता टीवी इंडस्ट्री के बहुत ही प्यारे कपल में शुमार हैं। फैंस इन दोनों को एक साथ देखने के लिए बेताब रहते हैं। वहीं इस कपल की कैमिस्ट्री भी लोगों को खूब पसंद आती है।
गोरखपुर से है गहरा नाता
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले रवि दुबे टेलीकॉम इंजीनियरिंग करने के लिए मुंबई पहुंचे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। यहां वे पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग की दुनिया में उतर आए। रवि ने दूरदर्शन पर आने वाले सीरियल ‘स्त्री तेरी कहानी’ से एक्टिंग की शुरूआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई शोज में अपनी अदाकारी दिखाई । उन्हें इंडस्ट्री में पहचान ‘जमाई राजा’ से मिली।
घुटनों के बल बैठकर किया था प्रपोज
रवि दुबे और सरगुन मेहता की लव स्टोरी खूब चर्चा में रही है। इन दोनों के बीच पहली मुलाकात साल 2009 में एक टीवी शो के दौरान हुई थी। ये रील लाइफ जोड़ी जल्द ही रियल लाइफ की फेमस जोड़ी बन गई। रवि पहली मुलाकात में ही सरगुन को दिल दे बैठे थे। लेकिन उन्होंने इस रिश्ते को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया और इसे पूरा समय दिया। उन्होंने साल 2012 में नच बलिए सीजन 5 के सेट पर घुटनों के बल बैठकर रिंग देते हुए सरगुन मेहता को प्रपोज किया था।
शादीशुदा जिंदगी में हैं बेहद खुश
रवि और सरगुन अपनी शादीशुदा जिंदगी में बेहद खुश हैं। इन दोनों ने 7 दिसंबर 2013 में शादी रचाई थी। दोनों सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहते हैं और अक्सर अपनी फोटोज पोस्ट करते हैं। बता दें रवि और सरगुन का खुद का प्रोडक्सन हाउस है। सरगुन पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की सुपरहिट एक्ट्रेस बन चुकी हैं।




