नई दिल्ली,रफ्तार डेसक। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पांचवां सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रहा है। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने सत्र बुलाने की अधिसूचना जारी कर दी है। इस सत्र में राज्य सरकार वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी, जिसे उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी प्रस्तुत करेंगी।
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी. इसके बाद बजट सहित अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य किए जाएंगे. सत्र करीब एक महीने तक चलने की संभावना है। सरकार इस बार बजट को लेकर काफी सजग नजर आ रही है। ऑनलाइन माध्यम से आम जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैं ताकि लोगों से जुड़े मुद्दों को बजट में शामिल किया जा सके। इसके साथ ही सांसदों, विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जानकारी दी कि सत्र शुरू होने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों के साथ सत्र के संचालन और कार्यसूची पर चर्चा होगी।
विपक्ष भी उठाएगा बड़े मुद्दे
इस बजट सत्र में विपक्ष की ओर से कई अहम मुद्दे उठाए जाने की संभावना है. प्रश्नकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विशेष उल्लेख प्रस्ताव और स्थगन प्रस्ताव जैसे संसदीय कार्य भी होंगे। सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। किसानों, युवाओं और महिलाओं पर रहेगी नजर बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार से उम्मीद की जा रही है कि वह किसानों के लिए राहत, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के कल्याण, और प्रदेश के विकास से जुड़ी योजनाओं पर बड़ी घोषणाएं कर सकती है। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी द्वारा पेश किया जाने वाला यह बजट राज्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। जनता की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि महंगाई, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है।





