नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बीजेपी नेता व अमेठी से पूर्व सांसद स्मृति ईरानी पर अभद्र कमेंट करने वालों को रायबरेली से सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में हार जीत लगी रहती है। आपलोग ऐसा करके किसी को अपमानित ना करें। ऐसा करना ताकत की नहीं कमजोरी की निशानी है।
‘X’ पर पोस्ट कर दी चेतावनी
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेताओं को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी नेता ईरानी जी के बारे में भला बुरा न कहे। राहुल गांधी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जीवन में हार-जीत होती रहती है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे स्मृति ईरानी या किसी अन्य नेता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और बुरा व्यवहार करने से बचें। लोगों को अपमानित करना ताकत नहीं कमजोरी की निशानी है।
अमेठी से किशोरी लाल शर्मा से हार गई थीं ईरानी
उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से स्मृति ईरानी को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से भारी हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद से ही स्मृति ईरानी को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को अमेठी लोकसभा सीट से हरा दिया था। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के किशोरी लाल के द्वारा स्मृति ईरानी के हारने के बाद लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
यूजर्स ने की राहुल गांधी की सराहना
राहुल गांधी के पोस्ट पर यूजर्स और उनके समर्थक कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि ठीक है सर, लेकिन ये लोग हमारे और आपके प्रति ज्यादा भयानक बातें करते हैं। फिर भी आपने कहा है तो अच्छा ही है। वहीं एक यूजर ने कहा कि राहुल गांधी जी ने सही कहा है लोगों को किसी महिला को संबोधित करते समय सावधान रहना चाहिये। राजनीतिक मतभेद किसी को बदनाम करने या नीचा दिखाने की परमिशन नहीं देते।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





