नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी है। जहां बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2024 में 400 लोकसभा सीटें जीतने का दावा किया था। वहीं लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों में बीजेपी 240 सीटों पर ही सिमट कर रह गयी। जिसको लेकर इंडिया गठबंधन में काफी उत्साह है। वहीं बीजेपी को दूसरा बड़ा झटका अयोध्या में लगा। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने फैजाबाद लोकसभा सीट पर जीत दर्ज कर बीजेपी को यह झटका दिया है। क्योंकि अयोध्या इस सीट के अंतगर्त पड़ता है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बीजेपी की अयोध्या में हुई हार को लेकर कारण बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की उत्तर प्रदेश में हार हुई है, अयोध्या में भी हार हुई है। उन्होंने बीजेपी की हार का कारण बताते हुए कहा कि बीजेपी भारत के विचार पर हमला किए जा रही थी। हमारे संविधान में भारत को सभी राज्यों का संघ कहा गया है। भारत राज्यों, भाषाओं, संस्कृति, इतिहास, धर्म और परंपराओं का एक संघ है। सभी ने देखा होगा कि नरेंद्र मोदी ने संविधान को अपने माथे से लगाया है। ये सब देश की जनता ने कराया है। देश के पीएम को जनता ने संदेश दिया है कि वह संविधान के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकते है।
राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने पिछले दस सालों में एक समुदाय को दूसरे समुदाय से लड़ाने का कार्य किया है। लोकसभा चुनाव 2024 में नरेंद्र मोदी जी देश के संविधान को खत्म करने की बात कर रहे थे। लेकिन देश की जनता ने इसका जवाब दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सिर्फ अंबानी और अडानी के लिए काम करते हैं, उनका देश के गरीबों से कोई लेना देना नहीं है। वहीं राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल को लेकर मीडिया को भी निशाने पर लिया और कहा कि वे बीजेपी को 400 सीटें मिलने का दावा कर रहे थे। वहीं राहुल गांधी ने बीजेपी को भी 400 पार के दावे को लेकर घेरा। अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in




