नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अब मोदी सरकार को महंगाई पर जमकर घेरा है। राहुल गांधी ने आज 24 दिसंबर 2024 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “लहसुन कभी ₹40 था, आज ₹400! बढ़ती महंगाई ने बिगाड़ा आम आदमी की रसोई का बजट – कुंभकरण की नींद सो रही सरकार!” राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमे वह एक सब्जी मंडी में सब्जीवालों से अलग-अलग सब्जियों के रेट पूछ रहे हैं। इसके बाद राहुल गांधी वहां खड़ी महिलाओं से बढ़ती महंगाई को लेकर सवाल पूछ रहे हैं।
राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सवाल पर एक महिला जवाब देती है कि शलजम जो कभी 30-40 रुपये किलो मिलते थे वो आज सब्जी मंडी में 60 रुपये किलो बेचे जा रहे हैं। वहीं मटर 120 रुपये किलो बेचा जा रहा है। यह सब्जी मंडी दिल्ली की गिरी नगर में स्थित हनुमान मंदिर के पास की है। राहुल गांधी महिलाओं से सवाल कर रहे हैं कि देश में महंगाई हर साल बढ़ती जा रही है। इससे आप लोगों पर दवाब तो जरुर पड़ता होगा। इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महिलाओं से सवाल पूछा कि GST से महंगाई बढ़ी है। इसका महिलाओं ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि हां महंगाई तो बहुत ही ज्यादा बढ़ी है।
बढ़ती महंगाई पर महिलाओं का राहुल को जवाब
एक महिला राहुल गांधी के सवाल का जवाब देते हुए कहती हैं कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि केंद्र सरकार इस पर कोई बड़ा कदम क्यों नहीं उठा रही है। वहीं एक अन्य महिला कहती है कि हमारे पास सैलरी उतनी ही है, लेकिन चीजों के दाम बहुत ही ज्यादा बढ़ गए हैं। अब तो एक छोटी सी रोटी भी बहुत ही ज्यादा महंगी हो गई है। इसके बाद महिला कहती है कि उन्हें अब तो यह चिंता भी सताने लगी है कि क्या वे आने वाले समय में अपनी इन जरूरतों को पूरा कर पाएंगी या नहीं। बता दें कि अगले साल दिल्ली विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिसको लेकर राहुल गांधी पूरी तरह से सतर्क हैं।




