नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि आप नेता लोगों को पार्टी मुख्यालय और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर हमला करने के लिए उकसा रहे हैं। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, आप नेता लोगों को भाजपा मुख्यालय और केंद्रीय गृहमंत्री के आवास पर हमला करने के लिए उकसा रहे हैं। यह गैर-जिम्मेदार होने के साथ-साथ अवैध भी है। बिधूड़ी ने कहा कि आप नेताओं को इस तरह के शर्मनाक बयानों के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। बिधूड़ी ने एक बयान में कहा कि जहांगीरपुरी में अवैध कब्जे के खिलाफ चले अभियान से आप नेताओं को जिस तरह पीड़ा हुई है, उससे साफ पता चलता है कि वे वोट बैंक की राजनीति के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा, वे लोगों को भड़का रहे हैं कि अगर अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया जाता है तो उन्हें बदला लेने के लिए भाजपा मुख्यालय और गृहमंत्री शाह के आवास पर भी बुलडोजर चलाना चाहिए। आप नेताओं ने इस बारे में न केवल खुले बयान दिए हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर प्रचार भी किया है। इसके पर्याप्त सबूत भी हैं। बिधूड़ी ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है, जब आप नेता इस तरह असामाजिक तत्वों के समर्थन में आए हैं। बिधूड़ी ने कहा, आप सरकार दिल्ली में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को मुफ्त बिजली, पानी, बस यात्रा और पेंशन जैसी सभी सुविधाएं देती है। जब वे (घुसपैठिए और रोहिंग्या) हनुमान के भक्तों पर गोलियां और तलवार चलाते हैं, तो आप नेताओं के मुंह से निंदा का एक शब्द भी नहीं निकलता है, लेकिन जब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है, तो वे हंगामा करना शुरू कर देते हैं। –आईएएनएस एसजीके/एएनएम




