मुंबई, 24 मई (हि. स.)। मुंबई के के.जे. सोमैया कालेज के इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र निहाल सिंह आदर्श ने कोव-टेक वेंटिलेशन प्रणाली का किट बनाया है। इसके इस्तेमाल से पीपीई किट को पहनने वाले को पसीने वाली गर्मी नहीं होती है। यानी इस किट का पीपीई के साथ इस्तेमाल करने पर हेल्थ वर्कर्स घंटों तक आसानी से काम कर सकते हैं। छात्र निहाल ने बताया कि पीपीई किट एक बार के इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जाता है, जबकि इस डिवाइस का इस्तेमाल जितनी बार पीपीई किट बदला जाएगा, उतनी बार किया जा सकता है। इस डिवाइस की फिलहाल कीमत लगभग साढ़े 4 हजार रुपए तय की गई है और यह बड़ी ही आसानी से इसे पीपीई किट में फिट किया जा सकता है। निहाल ने बताया कि इस किट को बनाने की प्रेरणा उन्हें अपनी डॉक्टर मां की तकलीफ देखकर हुई । उन्होंने अपनी मां को राहत दिलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी प्रयास में उनके व उनके सहयोगियों के सहयोग से यह किट बन गई। पुणे के साई स्नेह अस्पताल , लोटस मल्टी स्पेशल अस्पताल में इस किट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी में काम करने वाले हेल्थ वर्कर्स को पीपीई किट से हो रही समस्या की तस्वीरें हमने लगातार देखी हैं। कैसे वो भीषण गर्मी में भी कोरोना मरीजों के लिए काम कर रहे हैं और घंटों पीपीई किट पहने रहने की वजह से अक्सर वह पसीने से तर-बतर हो जाते हैं। निहाल सिंह की यह किट हेल्थ वर्कर्स को इस समस्या से निजात दिलाने वाली है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर




