नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की राजधानी आइजोल को पहली बार भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली नई बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वोत्तर के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ा कदम है।
9,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
पीएम मोदी ने मिजोरम में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मिजोरम के लोग अब रेलवे से सीधे देश के बाकी हिस्सों से जुड़ सकेंगे, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, मैं देश और विदेश में पूर्वोत्तर की खूबसूरत संस्कृति का दूत बनने में गर्व महसूस करता हूं। मिजोरम के बांस उत्पाद, ऑर्गेनिक अदरक, हल्दी और केले पूरे देश में मशहूर हैं। वोकल फॉर लोकल अभियान से पूर्वोत्तर के कारीगरों और किसानों को सीधा फायदा हो रहा है।
आर्थिक सुधार और आसान जीवन
PM मोदी ने बताया कि नई GST व्यवस्था से परिवारों का जीवन आसान हुआ है। पहले दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर 27% टैक्स लगता था, जो अब सिर्फ 5% रह गया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम अब और भी सस्ता और उत्साहपूर्ण होगा, क्योंकि यात्रा और बाहर खाना दोनों पहले से आसान और किफायती हो गए हैं। हम पूर्वोत्तर में खेल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगे। मिजोरम ने कई चैंपियन दिए हैं और नई खेल नीति से इसमें और मजबूती आएगी।” हमारी 7% की आर्थिक वृद्धि दुनिया में सबसे तेज़ है और यह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूत करती है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सैनिकों ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों को सबक सिखाया।
बैराबी-सैरांग रेल लाइन की खासियत
पीएम मोदी ने कहा, “कुछ साल पहले मुझे इस रेलवे लाइन की आधारशिला रखने का अवसर मिला था और आज इसे पूरा होते देखकर गर्व हो रहा है। कठिन भूभागों और चुनौतियों को पार करते हुए यह परियोजना हमारे इंजीनियरों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। मिजोरम के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव मणिपुर होगा। यहां वे 8,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यह कदम साफ करता है कि सरकार पूर्वोत्तर को मुख्यधारा से जोड़ने और उसे विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका देने के लिए लगातार बड़े फैसले ले रही है।




