नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पीएम मोदी ने आज रविवार को देश के नाम संबोधन जारी किया। अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कल से शुरु हो रहे नवरात्र की शुभकामनाएं दी। इसके अलावा उन्होंने कल से लागू होने वाले GST रिफॉर्म को लेकर भी शुभकामनाएं दी। पीएम ने कहा कि इससे हर एक देशवासी लाभांन्वित होगा।
GST सुधार से सबको फायदा
राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, GST रिफॉर्म्स से आपकी बचत बढ़ेगी और आप अपनी पसंद की चीजें खरीद पाएंगे। समाज का हर वर्ग इससे लाभांन्वित होगा। यह निर्णय आत्मनिर्भर भारत के दिशा में एक बड़ा कदम है। ये सुधार भारत की विकास यात्रा को गति देंगे, कारोबार को आसान बनाएंगे और निवेश को आकर्षक बनाएंगे। हर राज्य विकास की दौड़ में समान भागीदार बनेगा।
स्वदेशी सामान की खरीद पर जोर दें- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के आखिरी हिस्से में स्वदेशी सामान की खरीद पर जोर देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हमें विदेशी चीजों से मुक्ति पानी है। पीएम मोदी ने कहा, हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में कई सारी विदेशी चीजें जुड़ गई हैं, हमें इनसे मुक्ति पानी होगी। हम वो सामान खरीदें जो स्वदेशी है। मेड इन इंडिया हो। जिसे बनाने में हमारे अपने लोगों का पसीना लगा हो. हर दुकान को स्वदेशी से सजाना है। गर्व से कहो ये स्वदेशी हो, गर्व से कहो मैं स्वदेशी हो। ये हर भारतीय का मिजाज बनना चाहिए। जब ये होगा, तभी भारत तेजी से विकसित बनेगा।




