नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सुप्रीम कोर्ट के द्वारा SC-ST रिजर्वेशन में क्रीमी लेयर लागू करने के फैसले के खिलाफ आज दलित संगठनों ने भारत बंद किया। इस बंद का सबसे ज्यादा असर बिहार में दिखाई दिया। वहीं प्रदर्शनकारियों ने पटना में जमकर आगजनी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पटना में इस लाठीचार्ज के दौरान कुछ ऐसा देखने को मिला जिसकी उम्मीद ना पुलिस ने की थी और ना ही लोगों ने। दरअसल लाठीचार्ज के दौरान एक सिपाही ने SDM साहब को ही एक लाठी मार दिया।
पटना जिले में कई दुकानें रही बंद
दलित संगठनों के द्वारा भारत बंद को देखते हुए पटना जिले में कई दुकानें बंद रही। प्रदर्शन शुरू होते ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। वहीं कई स्कूलों ने बंद को देखते हुए मंगलवार रात को ही छुट्टी घोषित कर दी थी।
SDM साहब पर सिपाही ने चला दी लाठी
पटना के डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को बल का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। इसी दौरान एक सिपाही ने SDM साहब पर भी एक लाठी चला दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं।
सुबह से ही दिखना शुरू हो गया था बंद का असर
बता दें कि बिहार के कई इलाकों में भारत बंद का असर सुबह से दिखना शुरू हो गया था। पटना में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। बंद समर्थकों ने महेंद्रु अंबेडकर हॉस्टल के पास सड़क को जाम कर आगजनी की। पुलिस इस दौरान पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है।
पटना के DM ने पहले ही दी थी चेतावनी
गौरतलब है कि पटना के DM ने पहले ही सबको चेतावनी जारी की थी कि जिले में किसी प्रकार की अराजकता ना फैलाई जाए। शासन-प्रशासन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जबरदस्ती करने वालों, ट्रैफिक रोकने व लॉ एंड ऑर्डर खराब कर आम जनता के जनजीवन को प्रभावित करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।




