नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। संसद का शीतकालीन सत्र आज 1 दिसंबर से शुरू हो गया है, जो 19 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कई राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश किए जाएंगे। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।
पीएम मोदी का संदेश: लोकतंत्र की जीत है बिहार की रिकॉर्ड वोटिंग
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में हालिया चुनाव के दौरान हुई रिकॉर्ड वोटिंग लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह शीतकालीन सत्र राष्ट्र की प्रगति के प्रयासों को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा, एक तरफ लोकतंत्र की मजबूती और दूसरी तरफ अर्थव्यवस्था की मजबूती… दुनिया भारत को ध्यान से देख रही है। भारत ने साबित किया है कि डेमोक्रेसी डिलीवर कर सकती है। पीएम मोदी ने कहा, ”ये सत्र, संसद देश के लिए क्या सोच रही है, संसद देश के लिए क्या करना चाहती है, संसद देश के लिए क्या करने वाली है, इन मुद्दों पर केंद्रित होनी चाहिए. विपक्ष भी अपना दायित्व निभाए, चर्चा में मजबूत मुद्दे उठाए. पराजय की निराशा से बाहर निकलकर आएं।
विपक्ष की तैयारी- SIR पर हंगामे के आसार
इस बार सत्र में विपक्ष की नजर SIR (Special Intensive Revision) पर है। विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया यानी SIR पर तत्काल चर्चा कराई जाए। अगर उनकी मांग नहीं मानी गई, तो सदन में हंगामा होना तय माना जा रहा है।
सर्वदलीय बैठक में क्या हुआ?
सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में 36 राजनीतिक दलों के 50 नेता शामिल हुए। विपक्ष ने जिन मुद्दों पर जोर दिया SIR पर तत्काल चर्चा दिल्ली विस्फोट के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा, वायु प्रदूषण, बेरोजगारी और महंगाई, किसानों की स्थिति, विदेश नीति और संघीय ढांचा सरकार ने विपक्ष से सहयोग की अपील की और कहा कि शीतकालीन सत्र में सभी ठंडे दिमाग से काम करें सरकार ने विपक्ष को आश्वासन दिया है कि जरूरी मुद्दों पर चर्चा को लेकर बातचीत जारी रहेगी। साथ ही सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक भी लाने वाली है।




