नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें पटना और पूर्णिया से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में जमानत दे दी है। अदालत के इस फैसले के बाद अब उनकी रिहाई का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। फिलहाल जमानत से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
किन मामलों में मिली बेल?
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव पर लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े मामलों और धरना-प्रदर्शन के आरोपों में केस दर्ज था। इनमें गर्दनीबाग और बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के मामले भी शामिल हैं। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने तीनों मामलों में राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली, जिसके बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
औपचारिकताएं पूरी होने के बाद होगी रिहाई
कानूनी सूत्रों का कहना है कि जमानत की सभी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही जेल प्रशासन उन्हें रिहा करेगा। कोर्ट के आदेश के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस फैसले की चर्चा तेज हो गई है। समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया है, जबकि विपक्ष की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले भी एमपी-एमएलए कोर्ट ने 31 साल पुराने एक मामले में पप्पू यादव को जमानत दी थी। अब दो अन्य मामलों में बेल मिलने के बाद उनके जेल से बाहर आने की संभावना और मजबूत हो गई है।
क्या आज ही जेल से बाहर आएंगे?
तीनों मामलों में जमानत मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पप्पू यादव आज ही जेल से बाहर आ पाएंगे। सूत्रों के अनुसार, यदि जमानत की प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाती है तो उनकी रिहाई संभव है।





