– मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने किया सोच्यागांग स्थित नए एसटीएनएम अस्पताल में प्लांट का उद्घाटन गंगटोक, 22 जून (हि.स.)। पीएम केयर्स फंड से राजधानी गंगटोक के सोच्यागांग स्थित नए एसटीएनएम अस्पताल में 1000 लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) पीएसए ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को प्लांट का उद्घाटन किया। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में यह ऑक्सीजन प्लांट राज्य में स्वास्थ्य अवसंरचना को और मजबूती देगा। यह ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर्स फंड के तहत नए एसटीएनएम अस्पताल को उपलब्ध कराया गया है। संयंत्र की स्थापना के लिए 28 मई, 2021 से सिविल कार्य प्रारंभ किया गया था। यह संयंत्र पूरी तरह से चालू होने पर पूरे एसटीएनएम अस्पताल को पर्याप्त ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा। दूसरी ओर प्रदेश के चारों जिलों के जिला अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू हो गया है। ये सभी संयंत्र भारत सरकार के सहयोग से लगाए जाएंगे। इसके अलावा, राज्य सरकार की योजना पूर्वी जिले के रंगपो में अपने खर्च पर 1000 लीटर प्रति मिनट का बॉटलिंग प्लांट लगाने की है। संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि एसटीएनएम अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति की अब कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके बाद राज्य किसी भी महामारी का सामना करने में पूरी तरह सक्षम हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि नए एसटीएनएम अस्पताल प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। यहां पहले से ही 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट है। आज नए प्लांट के उद्घाटन के बाद अब अस्पताल की क्षमता 1500 लीटर प्रति मिनट हो गई है। हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल/सुनीत




