नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक आज बड़ा ऐलान कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, सभी विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं की बैठक आज दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बुलाई गई है। इसी बैठक के बाद विपक्ष अपने साझा उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा करेगा।
NDA ने मैदान में उतारे राधाकृष्णन
वहीं, सत्तारूढ़ NDA ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बना दिया है। सोमवार को दिल्ली पहुंचने के बाद राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनके समर्थन में बीजेपी नेताओं ने ज़ोरदार अभियान शुरू कर दिया है।
INDIA ब्लॉक में किन नामों पर चर्चा?
विपक्ष चाहता है कि इस चुनाव को सिर्फ़ राजनीतिक नहीं, बल्कि ‘लोकतंत्र और संविधान की रक्षा’ की लड़ाई के तौर पर पेश किया जाए। इसी वजह से उम्मीदवार के चयन में वैचारिक और प्रतीकात्मक पहलुओं को अहमियत दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जिन नामों पर चर्चा हो रही है उनमें शामिल हैं मैलस्वामी अन्नादुरई, पूर्व इसरो वैज्ञानिक, जिन्होंने चंद्रयान-1 मिशन की अगुवाई की थी। तिरुचि सिवा, तमिलनाडु से डीएमके के सांसद और लंबे समय से सक्रिय नेता। तुषार गांधी, महात्मा गांधी के परपोते और इतिहासकार। इसके अलावा, महाराष्ट्र से किसी दलित बुद्धिजीवी को भी उम्मीदवार बनाने पर विचार किया जा रहा है।
क्यों अहम है यह चुनाव?
विपक्ष मानता है कि अगर उपराष्ट्रपति चुनाव में एक मजबूत वैचारिक उम्मीदवार उतारा जाए तो वह भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता और लोकतांत्रिक संघर्ष का प्रतीक बन सकता है। यही वजह है कि नामों पर गहन मंथन चल रहा है।उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को पहले से तय मान रहे इंडिया ब्लॉक के लिए सभी दलों को एक साथ लाकर चुनाव कराने में कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा। दो सहयोगी दलों के इस विचार के प्रति उदासीन होने की बात कही गई। हालांकि उन्होंने साझा रुख अपनाने की प्रतिबद्धता जताई है। अब सबकी नज़रें कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के घर होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां से अंतिम फैसला निकलने की उम्मीद है।




