नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तराखंड के मदरसों में अब छात्रों को भारतीय सेना की वीरता और पराक्रम की कहानियां भी पढ़ाई जाएंगी। राज्य के सभी मदरसों में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को पाठ्यक्रम में शामिल किया जा रहा है। इसके तहत छात्रों को यह बताया जाएगा कि भारतीय सैन्य बलों ने किस तरह पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पहलगाम हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया था।
यह निर्णय उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी की पहल पर लिया गया है। हाल ही में उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विभिन्न शिक्षाविदों से मुलाकात की थी, जिसके बाद इस ऐतिहासिक ऑपरेशन को मदरसा शिक्षा में शामिल करने का फैसला हुआ।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ बनेगा उत्तराखंड मदरसों के पाठ्यक्रम का हिस्सा : मुफ्ती शमून कासमी
दिल्ली से लौटने के बाद उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी ने बताया कि अब राज्य के सभी मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथाएं पढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा, “आने वाले समय में मदरसा बोर्ड के पाठ्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक पूरा अध्याय जोड़ा जाएगा। इसमें छात्रों को यह बताया जाएगा कि यह सैन्य अभियान कैसे शुरू हुआ, इसके पीछे की रणनीति क्या थी और हमारे वीर सैनिकों ने किस प्रकार पाकिस्तान और आतंकियों के मंसूबों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।”
मुफ्ती कासमी ने यह प्रस्ताव हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ हुई मुलाकात के दौरान भी साझा किया था। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और युवाओं को सेना के पराक्रम से प्रेरित करना है।
यह मदरसों के छात्रों में देशभक्ति की भावना जगाएगा ‘ऑपरेशन सिंदूर’
उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड अब छात्रों को सिर्फ धार्मिक तालीम ही नहीं, बल्कि देशभक्ति से भी जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। बोर्ड के अध्यक्ष मुफ्ती शमून कासमी का कहना है कि जब बच्चे हमारे सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान की कहानियाँ पढ़ेंगे, तो उनके भीतर देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना और मजबूत होगी।
मुफ्ती कासमी ने हाल ही में राज्य के शिक्षाविदों से मुलाकात कर इस विषय पर सहमति बनाई है। निर्णय लिया गया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जानकारी को मदरसा पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि छात्र समझ सकें कि किस तरह भारतीय सैनिकों ने आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इस पहल पर जल्द ही अमल शुरू होने वाला है और यदि इसे लागू किया जाता है, तो उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा जो मदरसा शिक्षा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी सैन्य कार्रवाई को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाएगा।





