नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति मंदिर में प्रसाद के रूप में दिए जाने वाले लड्डू में पशु वसा की मौजूदगी की बात की है। उन्होंने लड्डू बनाने में घी के साथ पशु वसा के प्रयोग को लेकर अपनी प्रतिद्वंद्वी वाईएसआर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में तिरुपति नाम का लड्डू चढ़ाया जाता है। जानकारी के अनुसार मंदिर का संचालन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम करता है।
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार एक लैब में इस बात की पुष्टि हुई है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार एक लैब में इस बात की पुष्टि हुई है कि वाईएसआरसीपी की सरकार के दौरान प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू बनाने में प्रयोग किए जाने वाले घी में पशु वसा की मौजूदगी थी। मीडिया की एक रिपोर्ट मे लैब की पुष्टि के अनुसार बताया गया है कि तिरुपति लड्डू बनाने में प्रयोग किए जाने वाले घी में मछली के तेल समेत अन्य पशु चर्बी के अंश मौजूद थे।
राजनीतिक फायदा लेने के लिए आरोप लगाए हैं: बी. करुणाकर रेड्डी
वहीं वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता बी. करुणाकर रेड्डी ने 19 सितंबर 2024 को इस मामले को लेकर कहा है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सिर्फ राजनीतिक फायदा लेने के लिए तिरुपति मंदिर के लड्डुओं को बनाने में प्रयोग किए जाने वाले घी में पशु की चर्बी होने के आरोप लगाए हैं। बता दें कि बी. करुणाकर रेड्डी तिरुपति में विश्व प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर के दो बार अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बी. करुणाकर रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और उनकी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाया है कि वे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी पर निशाना साधने के लिए ऐसा कह रहे हैं।
भगवान चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार को इसकी सजा जरूर देंगे
वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता बी. करुणाकर रेड्डी ने अपनी बात जारी करते हुए कहा है कि लड्डू में जानवर की चर्बी को मिलाना संभव नहीं है। बी. करुणाकर रेड्डी ने कहा कि अगर कोई इस तरह से करता है तो खुद भगवान महाविष्णु उसको नष्ट कर देंगे। इसके बाद बी. करुणाकर रेड्डी ने कहा कि यह आरोप सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक फायदा उठाने के लिए लगाया गया है। भगवान चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार को इसकी सजा जरूर देंगे।





