नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के भाग्य में माफ़ी मांगना ही लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी अब प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते देश का ही विरोध करने लगी है।
“सेना के शौर्य को प्रणाम, कांग्रेस को शर्म नहीं”
शिवराज सिंह ने कहा कि आज का दिन उन वीर जवानों की वीरता और बलिदान को नमन करने का है जिन्होंने कारगिल युद्ध में देश के लिए अपनी जान दी। लेकिन कांग्रेस पार्टी कारगिल विजय दिवस पर भी सवाल उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि 2004 से 2009 तक यूपीए सरकार के दौरान कारगिल विजय दिवस नहीं मनाया गया। यहां तक कि कांग्रेस के एक सांसद ने यह तक कह दिया था कि “हम क्यों मनाएं, क्योंकि यह युद्ध एनडीए सरकार में लड़ा गया। क्या कोई युद्ध सरकार के लिए लड़ा जाता है? यह सोच राष्ट्रविरोधी है।
”कांग्रेस अब पाकिस्तान की भाषा बोल रही है”
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों को अब पाकिस्तान अपनी बातों के समर्थन में दुनिया के सामने पेश करता है। उन्होंने कहा कि कारगिल और हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने सेना का अपमान किया है। मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस देश का विरोध करने लगी है।
”राहुल गांधी को देर से समझ आता है”
राहुल गांधी के बयानों पर तंज कसते हुए शिवराज सिंह ने कहा,”राहुल गांधी बहुत देर से समझ पाते हैं। पहले इमरजेंसी के लिए माफ़ी मांगी, फिर सिख दंगों के लिए, फिर ओबीसी से माफ़ी। राफेल पर भी माफ़ी मांगी और अब जो कह रहे हैं उसके लिए 10 साल बाद माफ़ी मांगेंगे।” उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस ने ओबीसी समाज के लिए किया ही क्या है? मंडल आयोग की रिपोर्ट को भी कांग्रेस ने लंबे समय तक दबाकर रखा था। शिवराज सिंह चौहान के इस बयान ने एक बार फिर केंद्र और विपक्ष के बीच जुबानी जंग को तेज कर दिया है। जहां एक तरफ पूरा देश कारगिल विजय दिवस के शौर्य को सलाम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है।




