नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को चेतावनी जारी करते हुए बताया कि राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में लू का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इन राज्यों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 जून से मौसम में बदलाव आ सकता है और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। 12 से 14 जून के बीच दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
कैसा रहेगा यूपी-बिहार का मौसम ?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के लिए राहत भरी जानकारी दी है। आने वाले 48 घंटों के भीतर राज्य में प्री-मानसून की दस्तक संभव है। पूर्वी यूपी में मानसून की पहली बारिश देखने को मिल सकती है, जिसके बाद इसका असर धीरे-धीरे पश्चिमी हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। उधर, बिहार में भी मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन आज के दिन बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी
मध्यप्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में सोमवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित अन्य जिलों में गर्मी का असर बना रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 और 11 जून को ग्वालियर-चंबल संभाग में लू चल सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी तेज बारिश के आसार हैं।





