नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र में विपक्षी महाविकास अघाड़ी ने लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी और एनडीए को बड़ा झटका दिया है। महाराष्ट्र मे कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का गठबंधन महाविकास अघाड़ी कहलाता है। लोकसभा चुनाव 2024 में इस गठबंधन को बढ़त मिली है। जिससे महाविकास अघाड़ी के सहयोगी दलों में उत्साह बना हुआ है। ं
विधानसभा के चुनाव को मिलकर लड़ने का ऐलान
लोकसभा चुनाव 2024 में मिली सफलता के बाद महाविकास अघाड़ी ने महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा के चुनाव को मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। वहीं एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के गुट से अलग हुए एनसीपी अजित गुट के नेताओं के लिए शरद पवार और उद्धव ठाकरे ने 15 जून 2024 को प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से साफ कर दिया है कि लोकसभा चुनाव 2024 के समय पार्टी को छोड़ने वाले नेताओं को किसी भी हाल में वापस नहीं लिया जायेगा। इससे पहले एनसीपी अजित गुट के नेताओं के एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के गुट में वापस शामिल होने की अटकले लगायी जा रही थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा
प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे, एनसीपी (सपा) प्रमुख शरद पवार और महा विकास अघाड़ी के अन्य नेताओं ने 15 जून 2024 को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हम पीएम का धन्यवाद करते हैं। पीएम मोदी ने जहां भी रोड शो किया, वहां विपक्षी दल ने जीत हासिल की है।
हम महाविकास अघाड़ी के सभी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे
वहीं इस संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में जल्द विधानसभा के चुनाव होंगे, सभी शहरों में बीएमसी और नगर निगम के चुनाव भी होने हैं। मतदाताओं ने जागरूकता के साथ मतदान किया है। इसको लेकर हमारी प्राथमिक बैठक हो चुकी है। हम महाविकास अघाड़ी के सभी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
महाराष्ट्र की जनता ने महाविकास अघाड़ी के प्रत्याशियों को विजयी बनाया है
इस अवसर पर महाविकास अघाड़ी के सभी बड़े नेता मौजूद रहे, वहीं कांग्रेस के नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि हम महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद करने और उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करने के लिए एक साथ आए हैं। महाराष्ट्र की जनता ने महाविकास अघाड़ी के प्रत्याशियों को विजयी बनाया है। लोकसभा चुनाव 2024 में अच्छे प्रदर्शन के बाद महाविकास अघाड़ी में काफी जोश बना हुआ है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





