नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में नौ जवानों के शहीद होने की खबर है। मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने जवानों को लेकर आ रही गाड़ी को निशाना बनाया है। जवान ऑपरेशन के बाद लौट रहे थे। शहीद होने वाले जवानों में 8 जवान DRG के थे और एक गाड़ी के ड्राइवर थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवान जिस गाड़ी से लौट रहे थे नक्सलियों ने उस गाड़ी को IED से ब्लास्ट कर दिया। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि बलास्ट की जगह पर करीब 10 फीट गड्ढा हो गया और गाड़ी कई फीट दूर जाकर गिरी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘जब भी उनके खिलाफ कोई बड़ा ऑपरेशन होता है, नक्सली इसी तरह की कायराना हरकत करते हैं। हमले में अपनी जान गंवाने वाले जवनाों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ‘
ऑपरेशन से लौट रहे जवानों पर घात लगाकर किया हमला
यह हमला उस समय पेश आया जब दोपहर 2:15 बजे नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर से संयुक्त ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे। एक आर्मी व्हीकल में 15 जवान मौजूद थे जिसमें से 1 ड्राइवर समेत कुल 9 जवान शहीद हो गए। जिस जगह से जवानों का काफिला गुजरना था नक्सलियों ने पहले से ही वहां IED बिछा रखा था। जैसे ही जवानों की गाड़ी वहां से गुजरी, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने हमले को अंजाम दे दिया। हमला इतना खौफनाक था कि जिस जवानों की जिस गाड़ी को नक्सलियों ने IED ब्लॉस्ट से उड़ाया उस गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के टुकड़े पास में मौजूद पेड़ की टहनियों पर जाकर अटक गए। फिलहाल घटनास्थल पर एम्बुलेंस और जवानों की टीम रवाना किया गया है।




