गढचिरौली, 05 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित अबुझमाड़ के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड में नक्सलियों का हथियार बनाने का कारखाना ध्वस्त कर दिया गया। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने घटना की पुष्टि की है। वहीं,अबूझमाड़ के कोहकमेटा मार्ग पर शुक्रवार की शाम नक्सलियों के आईडी ब्लास्ट में आइटीबीपी 53वीं बटालियन का एक जवान शहीद हो गया। छत्तीसगढ़ के नारायणपूर जिले में सड़क सुरक्षा के दौरान नक्सलियों ने जवानों को टारगेट किया जिसमें किहकाड के पास नक्सलियों के निशाने में जवान आ गए। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में जवान को ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। शहीद जवान मंगेश हरिदास रामटेके नागपुर के रहने वाले थे। इसके पहले बेचा के पास नक्सलियों के आईईडी विस्फोट में एक जवान शहीद हुआ था। घमंडी पंचायत के पास मुठभेड़ में डीआरजी का जवान कनेर उसेंडी शहीद हुए थे। बीते 10 दिनों में नक्सली हमले में तीन जवान शहीद हुए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/मनीष कुलकर्णी





