नई दिल्ली रफ्तार डेस्क – अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर गोलीबारी करने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का नाम सामने आया था। इस मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच अब अनमोल को भारत वापस लाने की तैयारी कर रही हैं। दरअसल अमेरिका ने अनमोल बिश्नोई के अमेरिकी ठिकानों की जानकारी भारत को दी जिसके बाद यह कार्रवाई करने की शुरुआत कर दी गई है।
अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ
14 अप्रैल को सलमान खान के घर हुई फायरिंग में अनमोल बिश्नोई ही मास्टरमाइंड था। यह मामला मकोका की तहत दर्ज किया गया है जिसमें अनमोल बिश्नोई के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी किया है। न सिर्फ इतना बल्कि अनमोल बिश्नोई के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है। इस मामले में अमेरिकी एजेंसियों ने भारत को अनमोल बिश्नोई के ठिकानों का पता दिया है जिसके बाद मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू कर दी है।
जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद अनमोल बिश्नोई को भारत लाया जाएगा
कोर्ट से वारंट जारी होते हैं मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई शुरू कर दी। मुंबई पुलिस अमेरिकी कोर्ट की परमिशन लेने के बाद ही अनमोल बिश्नोई को अपने गिरफ्त में ले पाएगी। अमेरिकी कोर्ट की इजाजत के लिए मकोका कोर्ट ने 16 अक्टूबर को इस कार्रवाई को मंजूरी दे दी थी। जरूरी कागजी कार्यवाही करने के बाद केंद्र सरकार की ओर से इस मामले पर एक्शन लेने की प्रक्रिया अमेरिका के सामने की जाएगी।
बता दें कि अनमोल बिश्नोई लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। सलमान खान के घर फायरिंग के बाद जिस फेसबुक आईडी से इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी उसे पुर्तगाल से संचालित किया जा रहा था। जबकि मौजूदा समय में अमेरिकी एजेंसियों ने अनमोल बिश्नोई के अमेरिका में होने की बात कही है।




